दुर्ग। ऑनलाइन साइबर ठगी के एक अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने गुजरात से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर व्हाट्सएप के माध्यम से APK फाइल भेजकर बैंक खाते से ₹4.02 लाख से अधिक की ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर सेल के सहयोग से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी संजय झा, निवासी सेक्टर-05 भिलाई ने 25 फरवरी 2026 को थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप के माध्यम से APK फाइल भेजी गई। फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करने के बाद उनके मोबाइल पर आने वाले ओटीपी और अन्य संदेश स्वतः किसी अन्य नंबर पर फॉरवर्ड होने लगे। इसके बाद उनके बैंक खाते से ₹4,02,728 की अनधिकृत निकासी कर साइबर ठगी की गई।
शिकायत के आधार पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता से बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
तकनीकी जांच में आरोपियों की लोकेशन गुजरात राज्य में मिलने पर थाना भिलाई नगर पुलिस की टीम वहां रवाना हुई और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई। ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों को दुर्ग लाया गया और न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अच्छे लाल यादव (37 वर्ष), निवासी सिलवासा, दादरा एवं नगर हवेली तथा जोखन प्रसाद यादव (49 वर्ष), निवासी सिलवासा, दादरा एवं नगर हवेली के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य तथा अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले की अग्रिम विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल, लिंक अथवा मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड न करें। साथ ही ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग जानकारी एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाना से संपर्क करें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.