दुर्ग ग्रामीण/धनोरा। धनोरा स्थित तुलसी पैलेस में बूथ क्रमांक 199 पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला दुर्ग के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को सामूहिक रूप से सुना।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के जन-जन को जोड़ने वाला संवाद मंच है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में हो रहे नवाचार, जनभागीदारी और सकारात्मक प्रयासों को सामने लाते हैं, जिससे नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।
विधायक ने बताया कि इस संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी गणेशोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी से निर्मित भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया तथा वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मेघालय के जीवित रूट ब्रिज का उल्लेख कर प्रकृति और मानव के समन्वय का संदेश दिया तथा विज्ञान और जागरूकता के माध्यम से समाज से अंधविश्वास दूर करने की आवश्यकता बताई। असम की महिलाओं द्वारा ‘हरगिला आर्मी’ के जरिए दुर्लभ पक्षी संरक्षण के प्रयासों को प्रेरणादायी उदाहरण बताया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा नागालैंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाली पहलों, भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के प्रयासों तथा विदेशों में भारतीय संस्कृति के प्रसार से जुड़े उदाहरणों का भी उल्लेख किया गया। साथ ही मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र की महिलाओं द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट से सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने की पहल की सराहना की गई।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री दिलीप साहू, किसान मोर्चा जिला प्रभारी बिलास तुषार, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रोहित राजपूत, उपाध्यक्ष विनोद चंद्राकर, सह प्रभारी रविंदर सिंह, महामंत्री राजेंद्र यादव, अजीत चंद्राकर, प्रदेश सह संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ प्रीतेश दुबे, उतई नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.