होम / दुर्ग-भिलाई / 29 जून से 06 जुलाई तक मनाया जाएगा ‘सहकारी सप्ताह’, प्रदेशभर में होंगे विविध आयोजन
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 06 जुलाई 2026 तक प्रदेश में ‘सहकारी सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राज्य स्तर पर विभिन्न सहकारी गतिविधियों, सहकारी चिंतन शिविर एवं सहकार मेला का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में शुक्रवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के बैंक मुख्यालय सभा भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप (बॉबी) ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार पूरे देश में सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है। आयोजन की तैयारियों को लेकर 23 जून को सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा-निर्देश दिए थे। साथ ही प्रदेश की 2058 पैक्स समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भी संवाद किया गया।
उन्होंने बताया कि सहकारी चिंतन शिविर एवं सहकार मेला 03 एवं 04 जुलाई 2026 को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि मंडपम ऑडिटोरियम, लांभाड़ी (रायपुर) में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि तथा सहकारिता मंत्री केदार कश्यप अध्यक्षता करेंगे। इस आयोजन में पैक्स, दुग्ध, मत्स्य, लघु वनोपज, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों के साथ नाबार्ड, एनसीडीसी, एनसीसीएफ, नैफेड, सीएससी, इफको, कृभको, राज्य सहकारी संघ सहित विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी रहेगी।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्या. दुर्ग के अंतर्गत दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिलों की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में ‘सहकार से समृद्धि’ की पहल, उपलब्धियों एवं योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। बैंक से संबद्ध 402 पैक्स समितियों सहित विभिन्न सहकारी संस्थाओं द्वारा सप्ताहभर अनेक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कार्यक्रमों के अंतर्गत सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान, माइक्रो एटीएम, केसीसी कार्ड एवं रूपे केसीसी वितरण, सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, कृषक संगोष्ठी तथा किसानों की आय बढ़ाने में एफपीओ एवं पैक्स की भूमिका पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी।
प्रेस वार्ता में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के उपाध्यक्ष नरेश यदु, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.के. वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री दिलीप साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष बेमेतरा अजय साहू, शिव चंद्राकर, रमाकांत द्विवेदी, अजय तिवारी, लखनलाल गुरुपंच, श्यामलाल साहू एवं फत्तेलाल वर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.