-बोरी पुलिस ने जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पुत्र को किया गिरफ्तार
दुर्ग। थाना बोरी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते हुई एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद हत्या का खुलासा करते हुए मृतक के पुत्र को ही आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक सूचना देने वाला युवक ही जांच में हत्या का आरोपी निकला।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम नवागांव वार्ड क्रमांक 06 निवासी नीलकमल साहू ने थाना बोरी पहुंचकर सूचना दी थी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा, गवाहों के बयान एवं अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चिकित्सकों ने सिर पर गंभीर चोट लगने को मृत्यु का कारण बताया तथा मृत्यु की प्रकृति हत्या होना प्रमाणित किया।
मर्ग जांच एवं पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक कुलेश्वर साहू और उनके पुत्र नीलकमल साहू के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान आरोपी पुत्र द्वारा अपने पिता के साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मृत्यु हो गई।
जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने प्रार्थी नीलकमल साहू को ही आरोपी बनाते हुए उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया गया है। प्रकरण में संबंधित साक्ष्य सामग्री भी जब्त की गई है। इस कार्रवाई में थाना बोरी प्रभारी, विवेचना अधिकारी, प्रधान आरक्षक एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों का समाधान शांतिपूर्ण और वैधानिक तरीकों से करें तथा किसी भी संदिग्ध या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.