-मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च, जैन मंदिर एवं बौद्ध विहार में की गई प्रार्थना, वृक्षारोपण कर दी शुभकामनाएं

दुर्ग। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर द्वारा अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में सर्वधर्म प्रार्थना एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राहुल गांधी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, राष्ट्र की प्रगति, सामाजिक सद्भाव एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः राजीव भवन, दुर्ग में वृक्षारोपण के साथ हुई. कांग्रेसजनों ने पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश देते हुए पौधे लगाए तथा पर्यावरण के प्रति राहुल गांधी की प्रतिबद्धता को स्मरण करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
इसके पश्चात कांग्रेसजनों ने शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों में पहुंचकर सर्वधर्म प्रार्थना की। चंडी मंदिर एवं राम मंदिर में पूजा-अर्चना, पुराना बस स्टैंड स्थित दरगाह में चादरपोशी, स्टेशन रोड गुरुद्वारा में अरदास, मेनोनाइट चर्च में विशेष प्रार्थना सभा, जैन मंदिर में मंगल कामना तथा शंकर नगर स्थित बौद्ध विहार में शांति एवं सद्भाव के लिए प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि राहुल गांधी आज देश के करोड़ों युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं एवं वंचित वर्गों की आशाओं और आकांक्षाओं की सबसे सशक्त आवाज बनकर उभरे हैं। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से देश के कोने-कोने तक पहुंचकर जनता के दर्द, संघर्ष और उम्मीदों को राष्ट्रीय मंच पर रखने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि जब देश में बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक असमानता और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, ऐसे समय में राहुल गांधी ने संविधान, सामाजिक न्याय और भाईचारे की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष किया है। यही कारण है कि देश का युवा वर्ग आज बड़ी संख्या में उनके विचारों से जुड़ रहा है।
धीरज बाकलीवाल ने कहा कि राहुल गांधी का जन्मदिवस केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे, सामाजिक एकता और सर्वधर्म समभाव का संदेश देने का अवसर है। आज मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च, जैन मंदिर और बौद्ध विहार में की गई प्रार्थनाएं इस बात का प्रतीक हैं कि कांग्रेस पार्टी देश की विविधता, एकता और संवैधानिक मूल्यों में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार राहुल गांधी के स्वस्थ, दीर्घ एवं सक्रिय सार्वजनिक जीवन की कामना करता है तथा विश्वास व्यक्त करता है कि वे आने वाले समय में भी देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष करते रहेंगे।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.