होम / दुर्ग-भिलाई / म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी का नेटवर्क उजागर, 15 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। साइबर ठगी से प्राप्त राशि को म्यूल बैंक खातों के माध्यम से अवैध रूप से स्थानांतरित कर आर्थिक लाभ अर्जित करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना मोहन नगर क्षेत्र में दर्ज अपराध के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल एवं प्राप्त शिकायतों के आधार पर कोटक महिंद्रा बैंक के विभिन्न खातों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच कई बैंक खातों में संदिग्ध वित्तीय लेन-देन हुए और साइबर ठगी से प्राप्त राशि को इन खातों के जरिए ट्रांसफर किया गया।
विवेचना में यह पाया गया कि खाताधारकों ने स्वयं अथवा अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर अपने बैंक खातों का उपयोग साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि के हस्तांतरण एवं अवैध लेन-देन के लिए किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 329/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 317(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं, पीयूष डडसेना (19), साहिल खान (23), खुशी झा (21), मोहम्मद फरान (22), अभिजीत कुमार (25), आदित्य रजक (21), आशीष चंद्राकर (30), निखिल साहू (19), रितेश मसीह (19), मो. सोहेल (24), निकिता चौहान (23), शुभा सेंगर (38), शिवम पांडेय (27), रितेश देवांगन (21) एवं रणधीर झा (52)।
जांच में जब्त सामग्री में बैंक खातों एवं वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड तथा बैंकिंग अभिलेख शामिल हैं। विस्तृत जांच अभी जारी है।
इस कार्रवाई में थाना मोहन नगर पुलिस, साइबर सेल एवं विवेचना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी विश्लेषण और बैंकिंग दस्तावेजों के परीक्षण के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, मोबाइल नंबर या इंटरनेट बैंकिंग सुविधा उपयोग के लिए उपलब्ध न कराएं। ऐसे खातों का दुरुपयोग साइबर अपराधों में होने पर खाताधारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। किसी भी साइबर ठगी की सूचना तत्काल हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाना में दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.