
दुर्ग। जिले में अवैध मादक एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक उत्पादों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गुटका निर्माण और पैकेजिंग करने वाली दो इकाइयों का भंडाफोड़ किया है। थाना अंडा एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने ग्राम कुथरेल और अंडा क्षेत्र में दबिश देकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना अंडा क्षेत्र के अंतर्गत अवैध रूप से गुटका निर्माण और पैकेजिंग का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना अंडा पुलिस और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों स्थलों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में गुटका निर्माण में प्रयुक्त कच्चा माल, रसायन, पैकेजिंग सामग्री, मशीनें तथा तैयार एवं अर्द्धनिर्मित गुटका उत्पाद बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में बिना वैधानिक अनुमति के अवैध रूप से गुटका निर्माण एवं पैकेजिंग किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने समस्त सामग्री जप्त कर ली। मामले में संलिप्त 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना अंडा में अपराध क्रमांक 63/2026 एवं 64/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) तथा कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गुटका निर्माण एवं पैकेजिंग का कारोबार संचालित कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के बांदा, हरदोई, उन्नाव, कानपुर और फतेहपुर जिलों के निवासी शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान गुटका निर्माण में प्रयुक्त कच्चा माल, रसायन, मशीनें, पैकेजिंग सामग्री तथा तैयार उत्पाद जप्त किए गए हैं। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक उत्पादों के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस ने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पुलिस अधिकारियों ने इस सफल कार्रवाई के लिए थाना अंडा पुलिस एवं एसीसीयू टीम की सूचना संकलन, समन्वय और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.