-आईआईटी दिल्ली से निकले युवा उद्यमी ने छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान
.jpeg)
दुर्ग। छत्तीसगढ़ की धरती प्रतिभाओं से सदैव समृद्ध रही है। यहां की युवा पीढ़ी आज देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही है। इसी कड़ी में दुर्ग शहर के युवा उद्यमी अनुराग दानी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सूची “फोर्ब्स 30 अंडर 30” में स्थान प्राप्त कर अनुराग दानी ने यह सिद्ध कर दिया है कि छोटे शहरों से निकलने वाली प्रतिभाएं भी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
अनुराग दानी दुर्ग के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ कान, नाक एवं गला रोग विशेषज्ञ, साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. संजय दानी तथा प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ममता दानी के सुपुत्र हैं। संस्कार, अनुशासन, परिश्रम और सामाजिक मूल्यों से समृद्ध परिवार में पले-बढ़े अनुराग ने बचपन से ही नवाचार और तकनीकी क्षेत्र में विशेष रुचि दिखाई।
उन्होंने वर्ष 2014 से 2018 तक देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी दिल्ली से बी-टेक की शिक्षा प्राप्त की। अध्ययन के दौरान ही उनके भीतर कुछ नया और उपयोगी करने का सपना आकार लेने लगा। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने आईआईटी मित्र रोहित पटेल (भिलाई) के साथ मिलकर फिटनेस क्षेत्र में एक अभिनव स्टार्टअप की शुरुआत की।
दोनों युवा साथियों ने मिलकर “होम जिम” मशीनों के निर्माण की दिशा में कार्य प्रारंभ किया और अपनी कंपनी “एरोलिप” की स्थापना की। कम समय में ही उनकी तकनीक, नवाचार और उपयोगिता ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आज “एरोलिप” केवल एक स्टार्टअप नहीं, बल्कि युवाओं की नवाचारी सोच और आत्मनिर्भर भारत के सपने का प्रतीक बन चुका है।
उनकी कंपनी की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली। लगभग दो वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री कार्यालय की टीम द्वारा उन्हें देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित उत्पाद प्रदर्शनी में अपने उत्पादों के प्रदर्शन हेतु आमंत्रित किया गया था। यह किसी भी युवा स्टार्टअप के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जाती है।
इतना ही नहीं, अनुराग दानी और उनकी टीम को देश के चर्चित उद्यमिता मंच “शार्क टैंक” में भी अपनी प्रस्तुति देने का अवसर प्राप्त हुआ, जिसने उनके नवाचार को राष्ट्रीय पहचान दिलाई।
अब उनकी कंपनी को प्रतिष्ठित “फोर्ब्स 30 अंडर 30” सूची में स्थान प्राप्त हुआ है, जिसे विश्व स्तर पर युवा उद्यमियों की सबसे सम्मानजनक उपलब्धियों में गिना जाता है। माना जा रहा है कि इस सूची में स्थान पाने वाले वे छत्तीसगढ़ के शुरुआती युवा उद्यमियों में शामिल हैं। यह उपलब्धि केवल दानी परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे दुर्ग एवं समूचे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
अनुराग दानी की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि परिवार से संस्कार, शिक्षा से दृष्टि और स्वयं से मेहनत जुड़ जाए, तो सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। उनके पिता डॉ. संजय दानी जहां चिकित्सा और साहित्य के माध्यम से समाज सेवा कर रहे हैं, वहीं अनुराग दानी आधुनिक तकनीक और नवाचार के माध्यम से युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।
दानी परिवार सदैव शिक्षा, संस्कृति, सेवा और सामाजिक मूल्यों के लिए जाना जाता रहा है। यही संस्कार अनुराग दानी के व्यक्तित्व में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा छत्तीसगढ़ के युवाओं को यह संदेश देगी कि प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार के बल पर विश्व पटल पर भी अपनी अलग पहचान बनाई जा सकती है।
दुर्ग सहित पूरे प्रदेश में अनुराग दानी की इस उपलब्धि पर हर्ष एवं गर्व का वातावरण है। साहित्य, चिकित्सा, उद्योग एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.