होम / दुर्ग-भिलाई / फर्जी निवेश योजना के नाम पर 13.60 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। ऑनलाइन निवेश एवं अधिक लाभांश का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है तथा अन्य फरार आरोपियों एवं बैंक खातों की जांच जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार गंजपारा दुर्ग निवासी 27 वर्षीय दीपक जैन ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में कुछ लोगों ने उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग एवं निवेश कंपनी में पैसा निवेश करने पर अधिक लाभांश दिलाने का प्रलोभन दिया। आरोपियों ने निवेश की गई राशि पर प्रतिमाह लाभ मिलने एवं मूलधन सुरक्षित रहने का भरोसा दिलाया था।
प्रार्थी ने आरोपियों के कहने पर विभिन्न तिथियों में आरटीजीएस एवं ऑनलाइन माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 13 लाख 60 हजार रुपये जमा किए। कुछ समय बाद संबंधित कंपनी बंद हो गई और न तो लाभांश मिला और न ही जमा राशि वापस की गई।
शिकायत की जांच के बाद थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत धारा 420 एवं 34 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र कुमार ताम्रकार (50 वर्ष) निवासी तमेर पारा वार्ड क्रमांक 30 दुर्ग, हाल मुकाम जवाहर नगर वार्ड क्रमांक 18 दुर्ग को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी निवेश योजना संचालित कर लोगों से रकम जमा कराने की बात स्वीकार की है। मामले में पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा संबंधित बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, बैंक दस्तावेज एवं लेन-देन से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग अथवा अधिक लाभांश देने वाली योजनाओं में निवेश करने से पहले संबंधित संस्था की वैधानिक सत्यता की जांच अवश्य करें। साइबर एवं आर्थिक अपराध से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.