होम / दुर्ग-भिलाई / दुर्ग शहर की बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएसपीडीसीएल को सौंपा ज्ञापन
दुर्ग-भिलाई
.jpeg)
दुर्ग। दुर्ग शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती एवं बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर ने बुधवार को सीएसपीडीसीएल कार्यालय पहुंचकर मुख्य कार्यपालन अभियंता संजय खंडेलवाल को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों एवं शहरवासियों ने विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले लगभग एक वर्ष से दुर्ग शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। हल्की आंधी, बारिश अथवा तूफान आते ही कई बिजली फीडर बंद हो जाते हैं, जिससे घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है। इसके कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है तथा व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
इस दौरान जवाहर नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। लोगों ने बताया कि हल्की आंधी-तूफान में भी घंटों बिजली बंद रहती है और बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
नागरिकों ने विद्युत विभाग के कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि शिकायतों पर समय पर कार्रवाई नहीं होती और कई बार कॉल सेंटर कर्मचारी फोन उठाने में भी लापरवाही बरतते हैं। गया नगर, बघेरा एवं किनसेव क्षेत्र के नागरिकों ने बताया कि कई बार देर रात तक बिजली बंद रहती है और सुधार कार्य में अनावश्यक विलंब किया जाता है। गर्मी के मौसम में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कई बार पानी भरने एवं नल चालू होने के समय ही बिजली कटौती कर दी जाती है, जिससे पेयजल संकट की स्थिति बन जाती है। उन्होंने इसे पूरी तरह अनुचित बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस पार्टी ने मांग की कि दुर्ग शहर की विद्युत व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ किया जाए, बार-बार बंद होने वाले फीडरों की तकनीकी जांच कर स्थायी समाधान निकाला जाए तथा आंधी-तूफान के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाए। साथ ही विद्युत कटौती की स्थिति में त्वरित सुधार दल सक्रिय करने और अस्पतालों सहित आवश्यक सेवाओं वाले क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
मुख्य कार्यपालन अभियंता संजय खंडेलवाल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि विभाग द्वारा विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जाएगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो जिला कांग्रेस कमेटी आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतिपक्ष नेता संजय कोहले, ब्लॉक अध्यक्ष अलताफ अहमद, कौशल किशोर सिंह, राय सिंह ढिकोला, राजू भाटिया, प्रेमलता साहू, प्रवक्ता नासिर खोखर, सुशील भारद्वाज, देव श्री साहू, आनंद कपूर ताम्रकार, गुरदीप भाटिया, मनीष बघेल, रतन नारायणदेव, दुष्यंत देवांगन, नंदू शर्मा, मुकेश साहू, राहुल शर्मा, हेमा साहू, देव सिन्हा, भूपेंद्र सेन, गणेश सोनी, निकिता सिंह, ज्ञानु बागड़े, जमना साहू, सुनीत घोष, अनीस रजा, अशोक मेहरा, दीपक जैन, दीपक चावड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.