-महंगाई के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन का द्वितीय दिवस, उतई नगर में किया अनोखा प्रदर्शन
उतई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में जिले भर में महंगाई के खिलाफ चल रहे चरणबद्ध आंदोलन के द्वितीय दिवस सोमवार को उतई बाजार चौक में कांग्रेसजनों द्वारा एक बार फिर अनोखे तरीके से प्रदर्शन कर केंद्र की भाजपा सरकार एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर विरोध जताया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने सबसे पहले ताली बजाई, फिर थाली बजाई और अंत में सिर पीट-कर जनता की पीड़ा एवं आक्रोश को प्रतीकात्मक रूप से व्यक्त किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन उस आम जनता की हालत को दर्शाने के लिए किया गया है, जो लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और रोजमर्रा की वस्तुओं के बढ़ते दामों से पूरी तरह हताश और परेशान हो चुकी है।
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के मुद्दों को रचनात्मक एवं प्रभावी तरीके से उठाती रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ताली और थाली बजाने की अपील की थी, तब देश की जनता ने एकजुट होकर उनका साथ दिया। लेकिन आज वही जनता पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, चावल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान है।
श्री ठाकुर ने कहा कि ताली और थाली बजाकर भाजपा सरकार को उसकी पुरानी घोषणाओं और वादों की याद दिलाई गई, जबकि सिर ठोकने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन यह बताने के लिए किया गया कि जनता अब महंगाई से त्रस्त होकर खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों एवं बढ़ते टैक्स के कारण आम जनता का जीवन कठिन हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बाजार क्षेत्र में व्यापारियों और आम नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों ने भी बताया कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण बाजार व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा लोगों की खरीद क्षमता में कमी आई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए पार्टी का चरणबद्ध आंदोलन लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, जिला महामंत्री जामवंत गजपाल, राम सुर्यवंशी,जागृति साहू, पूर्व पार्षद प्रहलाद वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष डिकेंद्र हिरवानी, वीरेंद्र गोस्वामी, तोशन साहू,प्रेम नारायण साहू, राहुल वर्मा, प्रेम मिश्रा, मुकेश साहू, गजेंद्र, अरुण वर्मा, पालेश्वर ठाकुर, श्यामाचरण मनहर, योगेश जांगड़े, धनंजय नेताम, मुकेश साहू, गौरव शर्मा, गजेंद्र काकड़े, रमशिला नेताम, सरोज ठाकुर, तुलसी वर्मा, राजेश्वरी राव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.