
दुर्ग। जिला पंचायत सभा कक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे की अध्यक्षता में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम में सहभागिता की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन शर्मा, सदस्य श्रीमती श्रद्धा साहू, जितेंद्र यादव, श्रीमती प्रिया साहू तथा आकाश सोनी (उप संचालक) सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का लोकार्पण किया गया। इन केंद्रों के माध्यम से अब ग्रामीणों को बैंकिंग एवं शासकीय सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध हो सकेंगी। यहां नकद जमा-निकासी, धन हस्तांतरण, बिजली-पानी बिल भुगतान, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, आधार सेवाएं, पेंशन, बीमा तथा प्रधानमंत्री किसान योजना से संबंधित सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस पहल से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए विकासखंड या जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इसी क्रम में “नवा तरिया-आय के जरिया” अभियान के तहत सामुदायिक तालाबों की स्वीकृति एवं वर्चुअल लोकार्पण भी किया गया। यह अभियान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के अंतर्गत संचालित है, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण, भूजल संवर्धन एवं ग्रामीण आजीविका को मजबूत करना है।
अभियान के तहत पुराने तालाबों का जीर्णोद्धार एवं नए सामुदायिक तालाबों का निर्माण किया जा रहा है। “मोर गांव, मोर पानी” के तहत जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दिया जा रहा है। तालाबों का प्रबंधन महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपकर महिला सशक्तिकरण को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही मछली पालन, सिंघाड़ा एवं कमल उत्पादन तथा मेढ़ों पर दलहन, सरसों और गेहूं की खेती के माध्यम से ग्रामीणों की आय बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कार्यों में पारदर्शिता के लिए आधुनिक तकनीकों और पोर्टलों का उपयोग किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत 5 हितग्राहियों को उनके नवीन पक्के आवास की चाबी भी वितरित की गई। ग्राम पंचायत जेवरा के हितग्राही नलदाऊ प्रसाद दुबे एवं श्रीमती सोहागा बाई को आवास की चाबी प्रदान कर उनके जीवन में नए अध्याय की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर सुश्री अल्का साहू (प्रभारी कार्यपालन अभियंता), कुलदीप देवागन (लेखा अधिकारी) एवं सहायक परियोजना अधिकारी महेंद्र कुमार जगड़े सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.