-हादसे में करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान, आग के अगल-बगल फैलने के खतरे से सख्ते में रहे लोग
-खबर पर मौके पर पहुंचे भाजपा-कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड -अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों के साथ दिखाई तत्परता

दुर्ग। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र इंदिरा मार्केट स्टेशन रोड स्थित रौबदार फुटवियर में रविवार की रात लगी भीषण आग से दुकान में रखे चप्पल-जूता समेत अन्य सामान जलकर राख हो गए। आग की लपटे इतनी विकराल थी कि आग के आसपास के दुकानों व घरों में फैलने के खतरे से लोग सख्ते में आ गए थे। आगजनी में रौबदार फुटवियर के बगल में संचालित ज्वेलरी व बैंगल्स से संबंधित अदिति फैशन की दुकान के कुछ सामान भी जल गए,वहीं आग की लपटों ने दुकान के सामने स्थित बिजली के खंभे को भी नहीं छोड़ा। बिजली के खंभे में लगे तार भी आग की भेंट चढ़ गए, जिससे क्षेत्र में रात में घंटो बिजली गुल रही। फिरहाल आग का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में विद्युत शार्ट-सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। हादसे में रौबदार फुटवियर का करीब 1 करोड़ से अधिक राशि का सामान जलने का अनुमान लगाया जा रहा है, वहीं अदिति फैशन दुकान में 1 से 2 लाख रुपए के सामान के नुकसान की संभावना व्यक्त की गई है। आगजनी की यह घटना रविवार की रात करीब 10 बजे के आसपास की है। आग की लपटे इतनी भयावह थी कि आग पर काबू पाने का समय ही नहीं मिला और देखते ही देखते रौबदार फुटवियर की दुकान जलकर खाक हो गई। बताया गया है कि सिंधी कॉलोनी निवासी रौबदार फुटवियर का संचालक विनोद खत्री और मोतीपारा निवासी अदिति फैशन के संचालक अजय गुप्ता रविवार की रात दुकान बंद करके घर ही पहुंचे थे, तभी उन्हें दुकान में आग लगने की खबर मिली, फलस्वरुप वे फौरन मौके पर पहुंचे और फायरब्रिगेड अमले के साथ आग पर काबू करने के प्रयास में जुटे रहे। रात 10 बजे के आसपास लगी आग पर फायरब्रिगेड अमले ने आधी रात करीब 3 बजे के आसपास पूर्णत: काबू पाया। जिसके बाद ही रौबदार फुटवियर के अगल-बगल स्थित दुकानों के संचालक व घरों के लोगों ने राहत की सांसे ली। बताया गया है कि आगजनी में रौबदार फुटवियर का कोई भी सामान साबुत नहीं बचा है, वहीं बगल में स्थित ज्वेलरी और बैंगल्स से संबंधित दुकान अदिति फैशन में आग की लपटों से एसी,इन्वर्टर के अलावा अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गए है। इसके अलावा आग की तप की वजह से प्लास्टिक व लॉक के ज्वेलरी व बैंगल्स को नुकसान पहुंचा है। इंदिरा मार्केट स्टेशन रोड के दुकानों में आग की खबर से मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी। भीषण आग की लपटों को देखकर लोगोंं के रौंगटे खड़े हो गए थे।
खबर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, नगर निगम के सभापति श्याम शर्मा के अलावा भाजपा व कांग्रेस के अन्य जनप्रतिनिधियों व व्यापारी भी मौके पर पहुंचे और आग को नियंत्रित करने में पुलिस अधिकारियों व फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के साथ अपनी सहभागिता दी। इंदिरा मार्केट स्थित रौबदार फुटवियर में भीषण आग लगने से रात में इलाके में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त रहा। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग हरकत में आई और तत्काल 4 दमकल वाहनों को मौके के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि दो मंजिला रौबदार फुटवियर की दुकान आग की चपेट में पूरी तरह घिर चुकी थी। अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत शटर खोलकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया, वहीं दूसरी टीम ने जान जोखिम में डालकर बिल्डिंग के अंदर प्रवेश कर आग पर काबू पाने की कोशिश की।
करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। इस दौरान लगभग 15 से अधिक फायर ब्रिगेड वाहनों के पानी का उपयोग किया गया। आग पर काबू पाने में बीएसपी का फायरब्रिगेड अमला भी मददगार बना। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को आसपास की दुकानों में फैलने से रोक लिया गया, जिसके बाद ही आसपास के लोगों ने राहत की सांसे ली। आग लगने की सूचना मिलते ही महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान सभापति श्याम शर्मा, एमआईसी सदस्य देव नारायण चंद्रकार, नरेंद्र बंजारे, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, शेखर चंद्राकर,अरुण सिंह, मनमोहन शर्मा ने भी निरीक्षण किया। अलका बाघमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया एवं स्थानीय लोगों एवं आसपास के व्यापारियों से चर्चा कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावित व्यवसायी के प्रति संवेदना व्यक्त की है। महापौर अलका बाघमार ने शहर के सभी दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में गर्मी का मौसम प्रारंभ हो चुका है, ऐसे में आगजनी की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों की विद्युत वायरिंग का समय-समय पर परीक्षण कराने एवं आवश्यक सावधानियां बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में भी मार्केट क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम द्वारा भी आवश्यक सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। सभापति श्याम शर्मा द्वारा तत्काल फायर ब्रिगेड एवं पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने रात में ही आग पर का पूरी तरफ काबू पा लिया गया था। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.