होम / दुर्ग-भिलाई / ग्राम समोदा में अफीम के अवैध खेती मामले में कांग्रेस ने उठाए कई सवाल
दुर्ग-भिलाई
-जांच में सारी सच्चाई आएगी सामने-कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर
-घटना के विरोध में कांग्रेस 12 मार्च को जिला भाजपा कार्यालय का करेगी घेराव
दुर्ग। जिले के ग्राम समोदा में अफीम के अवैध खेती मामले में दुर्ग जिला भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष और प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा संयोजक (राईस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प) विनायक ताम्रकार की संलिप्तता ने पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी है। जिससे इस आपराधिक मामले ने अब राजनीतिक तुल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर सोमवार को दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने राजीव भवन (कांग्रेस भवन) में प्रेसवार्ता ली और मामले से जुड़े कई सवाल उठाए। इस दौरान श्री ठाकुर ने शासन व प्रशासन पर भी कई आरोप लगाए है। उन्होने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर घटना की पूरी हकीकत सार्वजनिक करने शासन-प्रशासन से मांग की है। दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने ग्राम समोदा में करीब 10 एकड़ क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती के मामले को नशे के कारोबार का बड़ा मामला बताया है। उन्होने कहा है कि दुर्ग समेत प्रदेश के युवाओं को नशे से बर्बाद होने नहीं दिया जाएगा। इसे लेकर कांग्रेस हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ेगी। इस क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश के हर जिले में 12 मार्च को जिला भाजपा कार्यालय का घेराव किया जाएगा। यह घेराव-प्रदर्शन दुर्ग जिला भाजपा कार्यालय में भी किया जाएगा और अफीम की अवैध खेती मामले के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी। इस दौरान दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के साथ दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री दीपक दुबे, कांग्रेस नेता अजय शर्मा, विशाल देशमुख, ब्लॉक अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार, प्रवक्ता नासिर खोखर, मोहित वाल्दे व अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे। मीडिया से चर्चा में दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि ग्राम समोदा में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल के निरीक्षण के लिए पहुंचा था। यहां करीब 10 एकड़ क्षेत्र में मक्का व जवांर के फसलों के बीच अफीम की अवैध खेती पाई गई। अफीम की खेती को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि नशे का यह कारोबार पिछले दो ढाई साल से चल रहा है। साथ में यह भी पता चला कि अफीम की यह खेती भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के रिश्तेदारों के खेतों में की जा रही है। खेती के लिए शिवनाथ नदी के आखिरी छोर तक की जमीन का उपयोग लाया जा रहा था। श्री ठाकुर ने कहा कि ग्राम समोदा में बड़ी मात्रा में अफीम की अवैध खेती की जा रही थी, लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि इस खेती की न तो प्रशासन को भनक लगी और न ही पुलिस को इसकी खबर थी। बच्चों द्वारा अफीम की खेती की मोबाईल पर तस्वीर लेने के बाद यह मामला उजागर हुआ। दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा है कि इस मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैकि कितने एकड़ खेत में यह खेती कब से हो रही थी, खेती के लिए नदी किनारे कितने जमीन पर अतिक्रमण किया गया है। गिदावरी रिपोर्ट, भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के तार कहां से जुड़े हुए है। उसके मोबाईल फोन के कॉल डिटेल समेत मामले से जुड़े अन्य विषयों की जांच किया जाना जरुरी है।
दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि प्रदेश में सुखा नशा अपराध का कारण है। दुर्ग में अफीम की खेती का सामने आया यह मामला बेहद गंभीर विषय है। इससे जुड़े सारे विषयों की जांच की जानी चाहिए,क्योंकि हमें युवाओं को नशे के जद से बचाना है। नशे को लेकर यदि शासन और प्रशासन गंभीर होती तो अफीम की अवैध खेती का मामला सामने नहीं आता, इसके लिए शासन प्रशासन जिम्मेदार है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.