होम / दुर्ग-भिलाई / दुर्ग में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, 8 करोड़ के पौधे जप्त
दुर्ग-भिलाई

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस और अन्य विभागों की संयुक्त कार्रवाई में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के मध्य स्थित खेत में लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में उगाए गए अफीम के पौधों को जप्त किया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना पुलगांव अंतर्गत जेवरा–सिरसा चौकी क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान खेत में मक्का/भुट्टे की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगाए गए पाए गए। इसके बाद पुलिस ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL), आबकारी विभाग और राजस्व विभाग को सूचित कर संयुक्त कार्रवाई की।

संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण कर लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगे अफीम के पौधों को जप्त किया। जप्त पौधों की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई गई है।
मामले की सूचना मिलने पर कलेक्टर दुर्ग के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दुर्ग, तहसीलदार और अतिरिक्त तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और भूमि अभिलेखों की जांच की। जांच में ग्राम झेंझरी तहसील दुर्ग स्थित खसरा नंबर 309 रकबा 80 डिसमिल तथा खसरा नंबर 310 रकबा 9 एकड़ 92 डिसमिल, कुल 10 एकड़ 72 डिसमिल भूमि दर्ज पाई गई।

प्रारंभिक जांच में कुछ लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस के अनुसार अफीम की खेती के लिए बाहर से लोगों को बुलाकर काम कराया जा रहा था। इस मामले में विनायक ताम्रकार (58 वर्ष) निवासी तेमरापारा दुर्ग, विकास बिश्नोई (27 वर्ष) निवासी ग्राम मटोडा, जिला जोधपुर (राजस्थान) हाल मुकाम ग्राम समोदा और मनीष ठाकुर (45 वर्ष) को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जप्त किए गए अफीम के पौधों की न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष विधिवत सैंपलिंग भी की गई है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, एसडीओपी धमधा चित्रा वर्मा, सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश, थाना पुलगांव पुलिस, जेवरा–सिरसा चौकी पुलिस, एनसीबी, एफएसएल, आबकारी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशीले पदार्थों के उत्पादन, परिवहन या व्यापार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.