होम / दुर्ग-भिलाई / अंजोरा सेवती में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, युवा कांग्रेस ने की जांच और कार्रवाई की मांग
दुर्ग-भिलाई

दुर्ग। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेवती अंजोरा में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क एवं नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष धर्मेश देशमुख ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए।
धर्मेश देशमुख ने बताया कि ग्रामीणों ने फोन के माध्यम से सूचना दी थी कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा किए जा रहे नाली निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब वे मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया तो पाया गया कि जहां 6 इंच की दूरी पर रॉड बांधने का प्रावधान है, वहां लगभग डेढ़ फीट के अंतर से रॉड बांधी जा रही थी, जिससे निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े होते हैं।
देशमुख ने बताया कि इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अभिषेक मेश्राम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद सब इंजीनियर प्रफुल्ल राउत से बात की गई, जिन्होंने बताया कि अभी वर्क ऑर्डर जारी नहीं हुआ है और अधिकारियों के निर्देश पर ही काम किया जा रहा है। हालांकि इस विषय पर उन्होंने अधिक जानकारी देने से इंकार करते हुए फोन काट दिया।

युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बिना वर्क ऑर्डर के काम शुरू करना और वह भी कथित तौर पर घटिया गुणवत्ता के साथ करना केवल ठेकेदार को लाभ पहुंचाने की मंशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी के बड़े अधिकारियों के संरक्षण के बिना ऐसा संभव नहीं है।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान करीब 15 मिनट के भीतर सुपरवाइजर नीलेश गुप्ता मौके पर पहुंचे और आगे लगाए गए रॉड को उखड़वाने लगे तथा ग्रामीणों से फोटो हटाने के लिए कहा। इसके बाद काम बंद कर दिया गया।
युवा कांग्रेस ने मामले की कड़ी निंदा करते हुए कलेक्टर से मांग की है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा बिना वर्क ऑर्डर के काम शुरू कराने वाले अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नियमानुसार काम नहीं कराया गया तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
मौके पर जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष धर्मेश देशमुख, अहिवारा विधानसभा उपाध्यक्ष कमल देशमुख, देव आशीष, ग्राम उपसरपंच नरेंद्र धनकर, पंच दानु देशमुख, नंद देशमुख, सुनील देवांगन, दादू देशलहरा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.