-शहर की सभी बड़ी-छोटी मार्केट रही बंद; चेम्बर, कैट के अलावा सामाजिक व धार्मिक संगठनों के सदस्य रहे सक्रिय
दुर्ग। कांकेर के आमाबेड़ा में धर्मान्तरण के बाद सामने आए हिंसक घटना और प्रशासनिक भेदभाव के खिलाफ सर्व समाज द्वारा बुधवार को छत्तीसगढ़ बंद के आव्हान का दुर्ग शहर में व्यापक असर रहा। फलस्वरुप दुर्ग में बंद पूर्णत: सफल रहा। बंद से आवश्यक सेवाओं की दुकानों को अलग रखा गया था। जिसके चलते मेडिकल दुकानें, नर्सिंग होम व अन्य आवश्यक सेवाओं को छोड़कर शहर की इंदिरा मार्केट समेत सभी बड़ी व छोटी मार्केटों के दुकाने व प्रतिष्ठानें बंद रहे। जिसकी वजह से लोगों को कुछ परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। बंद के दौरान दुर्ग शहर में किसी भी क्षेत्र से अप्रिय स्थिति की घटना सामने नहीं आई। जिससे बंद शांतिपूर्ण रहा, वहीं किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने पुलिस मोर्चा संभाले रही। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की विशेष तैनाती रही। सर्व समाज द्वारा बंद के आव्हान को छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज,कैट के अलावा विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने समर्थन दिया था।

जिसकी वजह से दुर्ग जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्य बंद के दौरान बाजारों में सक्रिय रहे। चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्य दुर्ग जिलाध्यक्ष अनूप गटागट के नेतृत्व में सुबह इंदिरा मार्केट में एकत्रित हुए और मोटरसायकल रैली निकालकर बंद की स्थिति का लगातार जायजा लेते रहे। इस दौरान चेम्बर पदाधिकारी इंदिरा मार्केट, सराफा बाजार, हटरी बाजार, गंजपारा,थोक कपड़ा मार्केट पुलगांव, पटेल चौक,स्टेशन रोड, अग्रसेन चौक,शहीद चौक, सिंधी कॉलोनी,राजेन्द्र पार्क चौक, आदर्शनगर के अलावा शहर के अन्य व्यवसायिक क्षेत्रों में पहुंचे, लेकिन बंद के आव्हान के चलते चेम्बर पदाधिकारियों को अधिकांश मार्केटों में स्वत: ही दुकानें बंद मिली। कुछ क्षेत्रों में दुकानें खुली भी मिली,तो चेम्बर पदाधिकारियों द्वारा व्यवसायियों से धर्मान्तरण के खिलाफ अपनी दुकानें बंद रखने का आग्रह कर दुकानें बंद करवाई गई। बंद के दौरान मोर्चा संभाले दुर्ग जिला चेम्बर के अध्यक्ष अनूप गटागट ने कहा कि कांकेर के आमाबेड़ा की घटना निंदनीय है। जिसके विरोध में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर अपना आक्रोश जताया है। श्री गटागट ने कहा है कि दुर्ग शहर पूर्णत: बंद रहा है। व्यापारियों ने स्वत: ही दुकानें बंद रख यह संदेश दिया है कि इस तरह की घटना के खिलाफ व्यापारी हमेशा चेम्बर के साथ खड़े हुए है।

बंद के दौरान चेम्बर दुर्ग जिलाध्यक्ष अनूप गटागट, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक राठी, प्रहलाद रुंगटा, शिव चंद्राकर, जिला महामंत्री कुलदीप सिंह, चेयरमैन किशोर जैन, कोषाध्यक्ष आनंद अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम भंडारी,अरुण दुग्गड़, आशीष सेक्सरिया, दिनेश मारोटी, दितेश बादानी, महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ. मानसी गुलाटी, महामंत्री नीतू श्रीवास्तव, आराधना पांडेय, मंजू शर्मा के अलावा अन्य व्यापारी सक्रिय रहे। वहीं बंद के दौरान व्यापारिक संस्था कैट के पदाधिकारियों ने भी कैट दुर्ग जिलाध्यक्ष प्रकाश सांखला के नेतृत्व में सराफा बाजार, हटरी बाजार व शहर के अन्य व्यवसायिक क्षेत्रों का भ्रमण कर धर्मांतरण के खिलाफ व्यापारियों से अपनी दुकाने बंद रखने का आव्हान किया गया। इस दौरान कैट के चेयरमैन पवन बड़जात्या के अलावा अन्य पदाधिकारी सक्रिय रहे। इसके अलावा कांकेर के आमाबेड़ा की घटना के विरोध में बजरंग दल ने भी रैली निकालकर अपना आक्रोश जताया। तत्पश्चात बजंरंगियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की आवाज उठाई गई।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.