-राष्ट्रीय सेमिनार में भूतपूर्व छात्र अपने पेशे के अनुभवों, नवाचारों और ज्ञान को करेंगे साझा, विवि की उत्तरोत्तर प्रगति के लिए बढ़ाएंगे कदम
दुर्ग। दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनू विश्वविद्यालय अंजोरा दुर्ग के भूतपूर्व छात्र 40 साल बाद फिर एक-दूसरे से मिलेंगे और अपने स्टुडेंट लाईफ के दिनों की यादें ताजा करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय की उत्तरोत्तर प्रगति के लिए अपने महती विचार साझा करेंगे। यह अवसर 20 और 21 दिसंबर को रोमन पार्क पुलगांव में विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित भूतपूर्व छात्रों के एलुमनाई मीट-2025 का होगा। विश्वविद्यालय स्तर पर एलुमनाई मीट का यह पहला आयोजन है। इस दौरान रिकनेक्ट एण्ड रिफ्लेक्ट तथा स्ट्रेदनिंग द प्रोफेशनल अलाईन्स अमंग एलुमनाईÓ विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया है। जिसमें वेटरनरी, डेयरी एवं फिशरी संकाय के करीब पांच सौ भूतपूर्व छात्र जुटेंगे। इन भूतपूर्व छात्रों में 8 छात्र विदेश से शामिल होंगे। 70 भूतपूर्व छात्र देश के 12 राज्यों से और करीब 300 से अधिक भूतपूर्व छात्र छत्तीसगढ़ राज्य से एलुमनाई मीट का हिस्सा बनेंगे। ये भूतपूर्व छात्र न केवल वेटरनरी बल्कि डिफेंस, मेडिकल, साइंटिस्ट,प्रोफेसर व प्रशासनिक क्षेत्रों में भी सेवा देकर देश व विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। भूतपूर्व छात्रों की यह उपलब्धि एलुमनाई मीट में वर्तमान छात्रों को कैरियर की दिशा में आगे बढ़ने में मार्गदर्शन करेगी। एलुमनाई मीट की शुरुआत 20 दिसंबर को सुबह 10.30 बजे होगी। इस अवसर पर कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन, पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव,वेटरनरी कॉउंसिल ऑफ इंडिया नई दिल्ली पे्रसिडेंट डॉ. उमेशचंद्र शर्मा, आईबी गु्रप एमडी बहादुर अली, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा,वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, डीयूवीएएसयू मथुरा के कुलपति डॉ. अभिजीत मित्रा,आईजीकेवी रायपुर कुलपति डॉ. गिरीश सिंह चंदेल, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल, स्टेट वेटरनरी सर्विस एडीशनल डायरेक्टर डॉ. केके ध्रुव, हेड क्वार्टर सेंट्रल कमांड ब्रिग. अमित रस्तोगी अतिथि के रुप में मौजूद रहेंगे। यह एलुमनाई मीट कामधेनू विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आरआरबी सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया है। जिसकी भव्य तैयारी जारी है। यह बातें अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मंजू रॉय ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा में कही। इस दौरान प्रोफेसर डॉ. एचके रात्रे एवं अन्य प्रोफेसर भी मौजूद रहे। चर्चा में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मंजू रॉय ने बताया कि एलुमनाई मीट का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय सेमिनार के माध्यम से भूतपूर्व छात्रों के पेशेवर अनुभवों, नवाचारों और ज्ञान का साझा करना, बैचमेट्स, सीनियर्स, जूनियर्स और शिक्षकों को एक मंच पर लाकर स्थायी रिश्ता बनाना और स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी स्तर के भूतपूर्व छात्रों द्वारा संस्थान के अनुसंधान कार्यों और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा करना है। डॉ मंजू राय ने बताया कि विश्वविद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि इस संस्थान से निकले छात्र आज देश-दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। कार्यक्रम में न केवल देश के कोने-कोने से बल्कि कनाडा, कैलिफोर्निया, दुबई और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में अपनी सेवाएं दे रहे भूतपूर्व छात्र भी शामिल होंगे। संस्थान के ये रत्न आज भारतीय सेना में ब्रिगेडियर व कर्नल जैसे उच्च पदों से लेकर शासन में वरिष्ठ पशुचिकित्सक, सफल व्यवसायी और कॉर्पोरेट जगत के दिग्गज के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मंजू रॉय ने बताया कि भूतपूर्व छात्र किसी भी संस्थान की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं। यह मिलन समारोह न केवल पुरानी यादों को ताजा करने का मंच है, बल्कि यह वर्तमान छात्रों और अनुभवी भूतपूर्व छात्रों के बीच एक सेतु का कार्य करेगा। इससे हमारे वर्तमान विद्यार्थियों को भविष्य की राह चुनने में सशक्त मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उन्होने बताया कि विश्वविद्यालय के फर्स्ट और सेकंड बैच के भूतपूर्व छात्र विश्वविद्यालय के नींव है। एलुमनाई मीट में इन दोनों बैच के भूतपूर्व छात्रों का सम्मान भी किया जाएगा। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मंजू रॉय ने बताया कि एलुमनाई मीट में भूतपूर्व छात्र भरपूर मनोरंजन भी करेंगे। इस लिहाज से पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। दूसरे दिन फ्रेंडली क्रिकेट मैच भी खेले जाएंगे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.