रायपुर । 22 जुलाई को कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में की गई आर्थिक नाकेबंदी के दौरान राजधानी रायपुर में कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे के बीच हुए तीखे विवाद का वीडियो सामने आने के बाद पार्टी के भीतर घमासान और भी तेज हो गया है। इस घटना के वीडियो ने सोशल मीडिया पर जमकर तूल पकड़ा है। इसी वीडियो को लेकर भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता और पूर्व कांग्रेस नेत्री राधिका खेड़ा ने कांग्रेस नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी गंभीर घटना के बावजूद कांग्रेस आलाकमान खामोश क्यों है? क्या सुशील आनंद शुक्ला के पास कोई ऐसा वीडियो, फोटो या दस्तावेज है जिससे पूरी पार्टी दबाव में है? राधिका खेड़ा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में न सिर्फ हालिया विवाद का वीडियो शेयर किया, बल्कि अपने ऊपर 30 अप्रैल 2024 को कांग्रेस मुख्यालय में हुए कथित दुव्र्यवहार की क्लिप भी साझा की। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों मामलों में समानता है एक ही तरह की भाषा, व्यवहार और गाली-गलौच बस घटनास्थल और पीडि़त अलग हैं। उन्होंने कहा कि जब उनके साथ यह व्यवहार हुआ था, तब पार्टी के किसी भी नेता ने साथ नहीं दिया। बल्कि उन्हें ही गलत साबित करने की कोशिश की गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि न तो सीसीटीवी फुटेज दिखाया गया, न किसी प्रकार की जांच की गई और न ही कोई कार्रवाई हुई। खेड़ा ने तीखे शब्दों में कहा,कल मैं थी, आज गिरीश दुबे हैं, और कल शायद यही लोग प्रदेश या राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएंगे। लेकिन कांग्रेस में न पहले रीढ़ थी, न आज है। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी पूछा कि क्या कांग्रेस के पास कोई दबाव है, या फिर सुशील आनंद शुक्ला के पास ऐसा कोई राज है, जिससे पूरी पार्टी बंधक बन गई है? इस पूरे घटनाक्रम से कांग्रेस की आंतरिक स्थिति और अनुशासन पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पार्टी नेतृत्व की चुप्पी और कार्रवाई न होने से नाराजगी और संदेह दोनों गहराते जा रहे हैं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.