-रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू, मनोज पिंगुआ, अमित अग्रवाल, ऋचा शर्मा के नाम की चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 30 जून को कैबिनेट की बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन को विदाई दी जाएगी। नए मुख्य सचिव के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हैं, लेकिन सरकार ने अब तक कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है। सुब्रत साहू और मनोज पिंगुआ रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं।
साय कैबिनेट की बैठक इस मायने में खास होने जा रही है, क्योंकि इसी दिन मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन का कार्यकाल समाप्त हो रहा है और उन्हें औपचारिक विदाई दी जाएगी। बैठक में शासन के सचिवों से एजेंडा मंगाया गया है, लेकिन तमाम मुद्दों के बीच सबसे भावनात्मक और महत्वपूर्ण बिंदु अमिताभ जैन की विदाई को माना जा रहा है।
पूर्ववर्ती रमन सरकार ने 2014 में तत्कालीन मुख्य सचिव सुनील कुमार को कैबिनेट की बैठक में सम्मानपूर्वक विदाई दी थी। उसी परंपरा को साय सरकार दोहराने जा रही है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद अमिताभ जैन अपने कक्ष से निजी सामान समेटकर मंत्रालय से विदाई लेंगे। राज्य के नए मुख्य सचिव के नाम को लेकर अभी तक कोई अधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन वरिष्ठता और प्रशासनिक अनुभव के आधार पर कई नामों की चर्चा है। इनमें आईएएस रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू, ऋचा शर्मा, मनोज पिंगुआ जैसे अफसरों के नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
केंद्र सरकार के निर्देश का इंतजार..
सूत्रों की मानें, तो छत्तीसगढ़ सरकार अभी केंद्र के संकेतों का इंतजार कर रही है। हाल ही में मध्यप्रदेश में मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर हुए विवाद को देखते हुए रायपुर स्थित प्रशासनिक महकमा कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं है। वहां राजेश राजौरा की नियुक्ति की चर्चा के बीच केंद्र सरकार ने अनुराग जैन को भोपाल भेजकर राज्य सरकार को चौंका दिया था। छत्तीसगढ़ सरकार नहीं चाहती कि ऐसी ही स्थिति यहां दोहराई जाए।
सुब्रत और पिंगुआ रेस में आगे..
मुख्य सचिव के लिए सबसे मजबूत दावेदार के रूप में सुब्रत साहू और मनोज पिंगुआ के नाम की चर्चा है। दोनों ही अफसरों का प्रशासनिक अनुभव और राज्य सरकार से नजदीकी मजबूत मानी जा रही है। हालांकि यह सिर्फ चर्चाएं हैं, औपचारिक घोषणा के बाद ही तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।
मुख्य सूचना आयुक्त पर अटकी नियुक्ति ..
मुख्य सचिव अमिताभ जैन के प्रशासनिक अनुभवों का लाभ लेने राज्य सरकार उन्हें सूचना आयोग में रिक्त मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्ति देने का मन बना चुकी थी, लेकिन इस नियुक्ति पर हाईकोर्ट का स्टे होने के कारण देर लगने की संभावना है। ऐसे में उन्हें नीति आयोग के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति दिए जाने की संभावना है। अब राज्य सरकार को इस पर निर्णय लेना है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.