-वरिष्ठ नागरिक महासंघ की बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं अंधश्रद्धा निर्मूलन हेतु जनजागरण अभियान चलाने का लिया गया निर्णय
भिलाई । वरिष्ठ नागरिक महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को सियान सदन, कैलाश नगर भिलाई में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के अध्यक्ष पुरुषोत्तम साहू ने की। बैठक में महासंघ के प्रमुख सलाहकार घनश्याम कुमार देवांगन विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं अंधश्रद्धा निर्मूलन हेतु व्यापक स्तर पर जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए सलाहकार घनश्याम देवांगन ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियां एवं अंधश्रद्धा समाज के विकास में बाधक हैं। अज्ञानता के चलते धर्म एवं चमत्कार के आड़ में सीधे साधे लोगों को फंसाकर धोखाधड़ी, लूट एवं शोषण किया जा रहा है। इसे रोकने हेतु आम नागरिकों को जागरूक करने एवं ढोंगी षड़यंत्र कर्ताओं का पर्दाफाश किया जाना बहुत जरूरी है। वरिष्ठ नागरिक महासंघ इस दिशा में जनजागरण अभियान चलाएगा। इसके लिए शासन प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा। बैठक में बच्चों एवं युवाओं में अच्छे संस्कार डालने हेतु संस्कार शालाओं की कक्षाएं आयोजित करने एवं उन्हें नैतिक शिक्षा देने पर भी सहमति बनी। बैठक में "अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस" के अवसर पर आगामी 13 जून को सियान सदन कृष्णा नगर, (राधिका नगर) भिलाई में कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
महासचिव गजानंद साहू ने महासंघ की गतिविधियों, कार्य योजना एवं प्रगति की जानकारी दी। अध्यक्ष पुरुषोत्तम साहू ने समाज के सभी वरिष्ठ नागरिकों को सियान सदन के माध्यम से जोड़ने हेतु सदस्यता अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने महासंघ में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। बैठक में सदस्यों ने वरिष्ठ नागरिकों को होने वाली विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी एवं उसके निराकरण हेतु सुझाव भी दिए।
इस अवसर पर भिलाई वरिष्ठ नागरिक महासंघ के अध्यक्ष पुरुषोत्तम साहू, उपाध्यक्ष बलबीर सिंह सहगल, महासचिव गजानंद साहू, जे. आर. साहू, डॉ कांतिलाल विश्वकर्मा, एन.पी. मिश्रा, छाया विश्वकर्मा, मंदा वासनकर, ललिता श्रीवास, दुलारदास साहू, फूलचंद साहू, जियालाल चौधरी, गरीब दास साहू आदि सहित सियान सदनों के पदाधिकारी एवं सदस्य गण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। बैठक का संचालन गजानंद साहू एवं आभार प्रदर्शन जे. आर. साहू ने किया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.