-दुर्ग नगर निगम का नया सभापति का फैसला कल
-कांग्रेस ने भास्कर कुंडले को बनाया है प्रत्याशी
दुर्ग। दुर्ग नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर अलका बाघमार व 60 वार्डों के पार्षदों के शपथ ग्रहण के बाद सभापति पद के चुनाव के लिए कल 7 मार्च की तिथि तय की गई है। इस संबंध में जिला कलेक्टर व नगर निगम चुनाव के पीठासीन अधिकारी द्वारा नगर निगम के प्रथम सम्मिलन की सूचना जारी कर दी गई है। प्रथम सम्मिलन में सभापति पद का चुनाव होगा, जिसके लिए टाईम-टू-टाईम चुनावी कार्यक्रमों की घोषणा की गई है। जिसके मुताबिक नगर निगम सभागार में अभ्यर्थी दोपहर 12 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक और नामांकन पत्र वापसी की प्रक्रिया दोपहर 1 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक पूरी की जाएगी। यदि मतदान आवश्यक होगा तो सभापति पद के लिए दोपहर 2 बजे से 2.30 बजे तक पार्षदों द्वारा मतदान किए जाएंगे। मतदान उपरांत मतगणना और परिणाम की घोषणा की जाएगी। बहरहाल, दुर्ग नगर निगम का नया सभापति कौन बनेगा? यह अभी समय के गर्भ में छिपा हुआ है, लेकिन एक बात तो सत्य है कि सभापति के इस पद पर कब्जा जमाने भाजपा व कांग्रेस दोनो पार्टियों में सरगर्मियां तेज है। अगर हम कांग्रेस पार्टी की बात करें तो सभापति पद के लिए कांग्रेस ने पहले ही अपना पत्ता खोल दिया है। कांग्रेस द्वारा वार्ड क्रमांक-49 के पार्षद भास्कर कुंडले को प्रत्याशी बनाया गया है। प्रत्याशी घोषणा के मामले में कांग्रेस भाजपा से आगे चल रही है। भाजपा द्वारा सभापति पद के लिए आज तक प्रत्याशी के नाम घोषित नहीं किए गए है। हालांकि सभापति चयन के लिए भाजपा में वरिष्ठ नेताओं द्वारा रायशुमारी तेज है। इस पद के लिए भाजपा में आधा दर्जन से अधिक दावेदार दौड़ में शामिल है। जिनमें पार्षद निलेश अग्रवाल, काशीराम कोसरे, श्याम शर्मा, मनीष साहू, गोविंद देवांगन, नरेन्द्र बंजारे, ज्ञानेश्वर ताम्रकार,देवनारायण चंद्राकर, शेखर चंद्राकर, गुलाब वर्मा, संजय अग्रवाल व अन्य पार्षदों के नाम चर्चा में है। सभापति पद के लिए भाजपा के पास पूर्ण बहुमत है। भाजपा का ही सभापति लगभग बनना तय है। लिहाजा भाजपा में ही इस पद को लेकर घमासान मचना स्वाभाविक है। सभापति पद के लिए भाजपा में जाति समीकरण और सांसद विजय बघेल, विधायक गजेन्द्र यादव, ललित चंद्राकर, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, महापौर अलका बाघमार की पसंद-नापसंद भी विशेष मायने रखेगी। इस पद को लेकर किस नेता की पसंद फायनल होगी, यह अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है, लेकिन दावेदार अपने-अपने नेताओं से पूरी आस लगाए हुए है। संभवत: सभापति पद के प्रत्याशी की घोषणा भाजपा द्वारा चुनाव के कुछ देर पहले घोषित की जाएगी। ताकि अन्य दावेदारों की नाराजगी से बचा जा सके। बहरहाल, भाजपा से सभापति पद के दावेदार एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए है। वे स्थानीय व प्रादेशिक नेताओं को अपनी मंशा से अवगत कराकर लगातार उनके संपर्क में है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.