- कथनी और करनी के फर्क का ये रिश्ता क्या कहलाता है ?
दुर्ग। एक पेड़ मां के नाम अभियान को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू ने पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर करारा तंज किया है। राजेंद्र ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाने वाले पीएम मोदी और सीएम साय को यह बताना चाहिए कि छत्तीसगढ़ के हसदेव अरण्य में किसके इशारे पर लाखों पेड़ अडानी के प्रोजेक्ट के लिए कुर्बान कर दिये गए।
राजेंद्र ने कहा कि मोदी सरकार और साय सरकार की डबल इंजिन सरकार छत्तीसगढ़ की नैसर्गिक सुंदरता को नष्ट करने का महाअभियान चला रहे हैं। साय सरकार ने सत्ता संभालते ही जिस अंदाज में अडानी के प्रोजेक्ट के लिए पेड़ काटने की अनुमति दी है, उससे यह स्पष्ट हो चुका है कि रमन सरकार की तर्ज पर ही साय सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ की संपदा को बड़े औद्योगिक घरानों को बेचने का सिलसिला जारी रखा जाएगा।
राजेंद्र साहू ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने सैकड़ों साल से छत्तीसगढ़ की हरियाली को सहेजकर रखा लेकिन आज साय सरकार बेरहमी से हरियाली पर कुल्हाड़ी चला रही है। यह छत्तीसगढ़ की जनता के लिए दुर्भाग्यजनक है। सच ये है कि लाखों पेड़ों पर चल रही कुल्हाड़ी से ध्यान भटकाने के लिए ही एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जा रहा है।
राजेंद्र ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम रोपने की भावनात्मक अपील कर मोदी सरकार और साय सरकार छत्तीसगढ़ की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। बड़ा सवाल ये है कि छत्तीसगढ़ महतारी के लाखों पेड़ अडानी के नाम कुर्बान करने वाली साय सरकार किस मुंह से एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील कर रही है। आम जनता भाजपा से सवाल कर रही है कि कथनी और करनी का ये बेमेल रिश्ता क्या कहलाता है ?
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.