अपराध

दुर्ग में निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से 10 मतपेटियां चोरी, आरोपी और कबाड़ी गिरफ्तार

673241020260950581002087643.jpg

-सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, चोरी की मतपेटियां खरीदने वाले कबाड़ी को भी पकड़ा; ई-रिक्शा सहित 76,200 रुपये की सामग्री जब्त

Image after paragraph


दुर्ग।स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के मतपेटी रखने वाले गोदाम से 10 मतपेटियां चोरी करने के मामले में दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोपी और चोरी की मतपेटियां खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह मतपेटियां, घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा और नकदी सहित कुल 76,200 रुपये की सामग्री जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
-चौकीदार की सूचना पर सामने आई चोरी
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को राजू सारथी (48 वर्ष), निवासी संतराबाड़ी, दुर्ग ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे चुनाव संबंधी तैयारियों के लिए ड्यूटी पर उपस्थित थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय के चौकीदार ने सूचना दी कि एक व्यक्ति पेटी उठाकर ले जा रहा है। सूचना मिलने पर उन्होंने बाहर जाकर देखा, लेकिन संदिग्ध व्यक्ति वहां नहीं मिला।
इसके बाद स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के मतपेटी गोदाम की जांच की गई, जहां से 10 मतपेटियां गायब मिलीं। चोरी गई मतपेटियों की कुल कीमत 10 हजार रुपये बताई गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी के पत्र के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 602/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(2) एवं 305(e) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
- पूछताछ में आरोपी ने कबाड़ी को मतपेटियां बेचने की बात कबूली
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मिलपारा, दुर्ग निवासी युशु यादव (22 वर्ष) ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक CG 07 CR 0648, जिसकी कीमत 70 हजार रुपये है, तथा 200 रुपये नकद जब्त किए गए।
पूछताछ में युशु यादव ने बताया कि उसने चोरी की मतपेटियां गयानगर निवासी कबाड़ी देवानंद सोनी (65 वर्ष) की दुकान पर बेची थीं। इसके बाद पुलिस ने देवानंद सोनी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, उसने चोरी की मतपेटियां खरीदना स्वीकार किया। उसके कब्जे से छह मतपेटियां, जिनकी कीमत छह हजार रुपये आंकी गई है, जब्त की गईं।
- दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद युशु यादव, निवासी मिलपारा, दुर्ग तथा देवानंद सोनी, निवासी गयानगर वार्ड क्रमांक 3, दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
-दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और कबाड़ियों से अपील की है कि किसी भी वस्तु को खरीदने से पहले उसके स्वामित्व एवं वैध दस्तावेजों का उचित सत्यापन अवश्य करें। चोरी की संपत्ति खरीदने या उसे रखने में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की संपत्ति के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।

एक टिप्पणी छोड़ें

Data has beed successfully submit

Related News

Advertisement

Popular Post

This Week
This Month
All Time

स्वामी

संपादक- पवन देवांगन 

पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल :  dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

हमारे बारे में

हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।

सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।

logo.webp

स्वामी / संपादक- पवन देवांगन

- बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल : dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

NEWS LETTER
Social Media

Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved

Powered By Global Infotech.