होम / दुर्ग-भिलाई / दुर्ग में पेयजल व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, 28.03 लाख रुपये के पाइपलाइन विस्तार कार्यों का भूमिपूजन
दुर्ग-भिलाई
-महापौर अलका बाघमार और सभापति श्याम शर्मा ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ, जयंती नगर और गंजपारा के नागरिकों को मिलेगी राहत
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महापौर अलका बाघमार ने सोमवार को विभिन्न वार्डों में कुल 28.03 लाख रुपये की लागत से होने वाले पाइपलाइन विस्तार कार्यों का भूमिपूजन कर निर्माण कार्यों की शुरुआत कराई। इन कार्यों के पूर्ण होने से पटरीपार जयंती नगर और गंजपारा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही नागरिकों को राहत मिलेगी।
महापौर अलका बाघमार ने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की उपस्थिति में पटरीपार सिकोला भाठा स्थित जयंती नगर सब्जी मंडी के पीछे वार्ड क्रमांक 16 तथा वार्ड क्रमांक 38 में सीता राइस मिल के पीछे पाइपलाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया। इस कार्य पर 16 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पाइपलाइन विस्तार से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता बेहतर होगी और स्थानीय नागरिकों को पानी की आपूर्ति में सुविधा मिलेगी।
इसके पश्चात महापौर ने गंजपारा क्षेत्र में एसबीआई बैंक के समीप वार्ड क्रमांक 36 में दिनेश मारोटी के घर से पुलिस लाइन तक पाइपलाइन विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया। इस कार्य की लागत 12.03 लाख रुपये निर्धारित की गई है। दोनों कार्यों की कुल लागत 28.03 लाख रुपये है।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। शहर के सभी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यकतानुसार पाइपलाइन विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। निगम का प्रयास है कि प्रत्येक वार्ड के नागरिकों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराए जाएं, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।
पाइपलाइन विस्तार कार्यों का भूमिपूजन होने पर संबंधित वार्डों के पार्षदों एवं नागरिकों ने महापौर और निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सभापति श्याम शर्मा, जल कार्य प्रभारी लीना दिनेश देवांगन, लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर, वित्त विभाग प्रभारी नरेंद्र बंजारे, एमआईसी सदस्य शेखर चंद्राकर एवं ज्ञानेश्वर ताम्रकर, वार्ड पार्षद प्रतिभा गुप्ता, खिलावन मटियारा, रंजीता पाटिल, सावित्री दमाहे, खालिक रिजवी एवं युवराज कुंजाम, जिला भाजपा प्रवक्ता अरुण सिंह, मनमोहन शर्मा, अजय शर्मा, सुरेश गुप्ता, सहायक अभियंता राजेंद्र ढबाले, उप अभियंता विनोद मांझी सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.