राजनांदगांव(मोरज देशमुख)। गौवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ सोमनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 नग भैंसों से भरा टाटा आयसर वाहन जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में पुलिस ने कुल 8.80 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन क्रमांक CG-15-DZ-4514 में मवेशियों को भरकर दुर्ग से राजनांदगांव होते हुए भंडारा, महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और सीएसपी केपी मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ठाकुरटोला टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर वाहन चालक ने आयसर वाहन को यू-टर्न लेकर दुर्ग की ओर भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो ग्राम टेडेसरा में अपना ढाबा के सामने वाहन डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित हो गया। पुलिस ने मौके पर वाहन चालक को पकड़ लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम संगीत मधुकर उर्फ टेटे (30 वर्ष), निवासी पथर्रा, भिलाई-3, जिला दुर्ग बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी राजू पारधी निवासी बुचीडीह सरदा के साथ 18 भैंसों को भंडारा महाराष्ट्र ले जा रहा था। मामले में राजू पारधी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
8.80 लाख की संपत्ति जब्त..
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वाहन में रखी 18 नग भैंसें, अनुमानित कीमत 1.80 लाख रुपए, तथा टाटा आयसर वाहन क्रमांक CG-15-DZ-4514, कीमत करीब 7 लाख रुपए जब्त किया। इस तरह कुल 8.80 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा BNS की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल वारंट पर जेल दाखिल कराया गया।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दुलेश्वर साहू, बद्रीनाथ दिनकर तथा आरक्षक तुषार मरकाम और मनोज ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपी राजू पारधी की तलाश में जुटी है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.