होम / दुर्ग-भिलाई / पेंटर-चित्रकारों को भी मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना में शामिल करने की मांग
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा संचालित “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना 2026” में पेंटर एवं चित्रकार कलाकारों को भी शामिल किए जाने की मांग तेज हो गई है। वर्तमान में योजना में मूर्तिकार एवं शिल्पकारों को शामिल किए जाने तथा पेंटर-चित्रकारों को इससे वंचित रखे जाने पर प्रदेश के कलाकारों ने शासन-प्रशासन से समान अवसर देने की मांग की है।
कलाकारों का कहना है कि छत्तीसगढ़ में पेंटर, चित्रकार सहित विभिन्न कला विधाओं से जुड़े कलाकार वर्षों से अपनी कला के माध्यम से प्रदेश की संस्कृति, लोक परंपराओं और कला को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे में प्रोत्साहन योजना में पेंटर एवं चित्रकारों को शामिल नहीं किया जाना उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार है।
कलाकारों के अनुसार योजना के अंतर्गत वर्तमान में मूर्तिकार एवं शिल्पकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रस्तावित है। उनका कहना है कि इसी प्रकार पेंटर एवं चित्रकार कलाकारों को भी योजना की पात्रता में शामिल कर समान रूप से प्रोत्साहन राशि का लाभ दिया जाना चाहिए।
इसी मांग को लेकर छत्तीसगढ़ मूर्तिकार चित्रकार संघ एवं छत्तीसगढ़ कलाकार सेवा समिति, दुर्ग के तत्वावधान में दुर्ग में कलाकारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्कृति विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पेंटर एवं चित्रकार कलाकारों को मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना में शामिल करने के संबंध में आवश्यक निर्णय लेने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में कलाकारों ने एकजुट होकर कहा कि कला की किसी भी विधा से जुड़े कलाकार के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। पेंटर एवं चित्रकार भी लोककला, संस्कृति और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसलिए उन्हें भी शासन की कलाकार प्रोत्साहन योजना में समान अवसर मिलना चाहिए।
बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं संयोजक देवानंद साहू, अनुशासन समिति अध्यक्ष दीपक यादव, प्रदेश अध्यक्ष परम यादव, प्रदेश कोषाध्यक्ष बाबा सिन्हा, दुर्ग जिला अध्यक्ष प्रवीण वासनिक, दुर्ग संभागीय अध्यक्ष रवि गौर, राजनांदगांव संभागीय अध्यक्ष देवा रंगारी, समिति कोषाध्यक्ष विनय ताम्रकार, संरक्षक रमन, मीडिया प्रभारी महेश राव सहित प्रदेशभर से आए जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में सदस्य कलाकार उपस्थित रहे।
कलाकारों ने छत्तीसगढ़ शासन एवं संस्कृति विभाग से मांग की है कि “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना” में पेंटर एवं चित्रकारों को शीघ्र शामिल कर उन्हें भी समान रूप से प्रोत्साहन राशि का लाभ दिया जाए। कलाकारों का कहना है कि इससे प्रदेश के सभी कला विधाओं से जुड़े कलाकारों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने का समान अवसर प्राप्त होगा।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.