होम / बड़ी ख़बरें / गैस रिसाव पर दुर्ग पुलिस का त्वरित एक्शन, एक घंटे में यातायात बहाल
बड़ी ख़बरें
दुर्ग। राजनांदगांव बाईपास स्थित डी-मार्ट के सामने रविवार रात सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव की सूचना मिलने पर दुर्ग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। पुलिस की तत्परता और संबंधित एजेंसियों के समन्वय से करीब एक घंटे में यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे अनुराग कूरियर कंपनी के वाहन क्रमांक CG 10 CD 2598 में रखे सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक विजय अग्रवाल ने सभी थाना एवं यातायात पुलिस टीमों को तत्काल सक्रिय किया।
नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने नेहरू नगर गुरुद्वारा तिराहा से यातायात को डायवर्ट किया। साथ ही गैस रिसाव वाले टैंकर के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा घेरा बनाया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया।
पुलिस एवं संबंधित टीमों की त्वरित कार्रवाई के बाद टैंकर को सुरक्षित तरीके से सड़क किनारे किया गया। इसके बाद करीब एक घंटे के भीतर मार्ग पर यातायात पुनः सुचारु करा दिया गया।
आपात स्थिति के दौरान आम नागरिकों, ट्रक चालकों और अन्य वाहन चालकों ने भी संयम एवं सतर्कता का परिचय दिया। लोगों ने पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए कार्रवाई में पूरा सहयोग किया।
दुर्ग पुलिस की तत्परता, संबंधित एजेंसियों के बेहतर समन्वय और आमजन के सहयोग से संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाल दिया गया। पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.