होम / बड़ी ख़बरें / बंद फैक्ट्री से लोहे की प्लेट चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; विधि से संघर्षरत बालक पर भी कार्रवाई
बड़ी ख़बरें
दुर्ग/जामुल। थाना जामुल पुलिस ने बंद फैक्ट्री में घुसकर लोहे की प्लेट चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत की चोरी गई लोहे की प्लेट बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, जामुल थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया भिलाई स्थित बी.एस. कास्टिंग कंपनी, प्लॉट नंबर 34-बी से 31 जुलाई की रात अज्ञात लोगों द्वारा लोहे की प्लेट चोरी कर ली गई थी। घटना की शिकायत कंपनी से जुड़े जितेन्द्र पाण्डेय ने थाना जामुल में दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 549/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फैक्ट्री परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस ने संदेही रवि विश्वकर्मा उर्फ खेलू (21 वर्ष), निवासी गौतम नगर, खुर्सीपार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी राहुल कुर्रे (21 वर्ष), निवासी गौतम नगर, भिलाई तथा एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई लोहे की प्लेट बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को 7 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी रात के समय बंद पड़ी फैक्ट्री को निशाना बनाते थे। सुनसान समय का फायदा उठाकर भारी लोहे की प्लेट चोरी कर ले जाते थे। चोरी का उद्देश्य आर्थिक लाभ कमाना था।
इस कार्रवाई में थाना जामुल पुलिस के विवेचना दल एवं पेट्रोलिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण, मुखबिर सूचना का सत्यापन और तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचकर चोरी की संपत्ति बरामद की।
दुर्ग पुलिस ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों से अपने परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर देने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी प्रभावी एवं वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.