होम / बड़ी ख़बरें / सरपंच पति एवं कांग्रेस नेता प्रकाश कश्यप की निर्मम हत्या के विरोध में जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर और कांग्रेस कार्यकर्त्ताओ का उग्र प्रदर्शन
बड़ी ख़बरें
-शव वाहन के सामने मुख्य मार्ग पर बैठकर किया धरना, तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा
-गृहमंत्री विजय शर्मा से नही संभल रहा कानून व्यवस्था, तत्काल इस्तीफा दें : राकेश ठाकुर

दुर्ग। धमधा ब्लॉक के ग्राम तुमाकला के पूर्व सरपंच, वर्तमान सरपंच पति एवं बोरी मंडल के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रकाश सिंह कश्यप की निर्मम हत्या के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जेवरा सिरसा पुलिस चौकी के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलेभर के कांग्रेसजन सबसे पहले दुर्ग जिला चिकित्सालय की मर्च्युरी के सामने एकत्रित हुए। इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ता पार्थिव शरीर को लेकर जेवरा सिरसा पुलिस चौकी पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पार्थिव शरीर को शव वाहन से बाहर निकालकर धरना देना चाहते थे, लेकिन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर से आग्रह किया कि शव को वाहन से बाहर न निकाला जाए। अधिकारियों के बार बार अनुरोध के बाद राकेश ठाकुर ने सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुख्य मार्ग पर शव वाहन के सामने धरना पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पुलिस अधीक्षक, दुर्ग के नाम ज्ञापन सौंपते हुए तीन प्रमुख मांगें रखीं जिसमे घटना में शामिल सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कानूनी कार्रवाई, घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस की लापरवाही एवं रात्रिकालीन गश्त में निष्पक्ष जांच कर जेवरा सिरसा पुलिस चौकी प्रभारी सहित संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई, जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित, प्रभावी एवं सघन रात्रिकालीन पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।
इस अवसर पर राकेश ठाकुर ने प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा के इस्तीफे की भी मांग करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और अपराधियों के बुलंद हौसलों की नैतिक जिम्मेदारी गृहमंत्री को लेते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े लूट का विरोध करने पर एक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता की निर्मम हत्या होना प्रदेश की कानून व्यवस्था की पूरी तरह विफलता का प्रमाण है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि स्वर्गीय प्रकाश कश्यप केवल ग्राम तुमाकला के पूर्व सरपंच और वर्तमान सरपंच पति ही नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी के समर्पित एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता थे। उनकी हत्या से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का वातावरण है तथा आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में आरोपियों की गिरफ्तारी, दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई एवं अन्य मांगों पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) व्यापक एवं उग्र जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
देखते ही देखते बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जेवरा सिरसा पुलिस चौकी पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में भारी जनसमूह एकत्र हो गया। बाद में पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के पश्चात प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त किया गया। इसके बाद स्वर्गीय प्रकाश सिंह कश्यप के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार हेतु उनके गृह ग्राम तुमाकला ले जाया गया।
इस दौरान प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुकेश चंद्राकर, शमशीर कुरैशी, शिवकुमार वर्मा, रजत नायक, मधुशुदान राणा, दानेश्वर साहू, अरुण साहू, जितेंद्र वर्मा, महेंद्र निषाद, अशोक साहू, अनिल वर्मा, प्रशांत गौतम, लोकेश साहू, हरक साहू, राज पटेल, के बी वर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.