होम / दुर्ग-भिलाई / दुर्ग में स्कूली बच्चों के लिए जिले का पहला 'न्योता भोजन' आयोजित, 300 से अधिक विद्यार्थियों ने किया पौष्टिक भोजन
दुर्ग-भिलाई

दुर्ग। जन समर्पण सेवा संस्था, दुर्ग ने बुधवार को जिले में स्कूली बच्चों के लिए पहला 'न्योता भोजन' आयोजित कर एक प्रेरणादायी पहल की। यह आयोजन शहर की ऐतिहासिक सरदार वल्लभभाई पटेल प्राथमिक शाला, लाल बहादुर प्राथमिक शाला तथा सरदार पटेल आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय परिसर में किया गया, जिसमें तीनों विद्यालयों के 300 से अधिक विद्यार्थियों ने पौष्टिक भोजन ग्रहण किया।
पोषण निर्माण योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अतिरिक्त पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना, समुदाय में सहभागिता बढ़ाना तथा बच्चों में समानता और अपनत्व की भावना विकसित करना रहा। जन समर्पण सेवा संस्था द्वारा आयोजित इस न्योता भोजन में श्रीराम कैटर्स के राम भाऊ ने पूड़ी, दाल, चावल, पनीर की सब्जी, हरी सब्जी, मिष्ठान एवं नमकीन सहित स्वादिष्ट भोजन तैयार किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों को एक साथ बैठाकर शिक्षा, विद्यालय और उसके गौरवशाली इतिहास की जानकारी देने से हुई। संस्था के अध्यक्ष एवं विद्यालय के पूर्व छात्र योगेंद्र शर्मा 'बंटी' ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल प्राथमिक शाला वर्ष 1903 में स्थापित हुई थी और यह छत्तीसगढ़ के सबसे पुराने विद्यालयों में शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 1933 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी इस विद्यालय में आए थे तथा यह देश के शुरुआती विद्यालयों में से एक था, जहां सभी वर्गों के बच्चे एक साथ बैठकर शिक्षा ग्रहण करते थे।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जन समर्पण सेवा संस्था की मानव सेवा, गौ सेवा और न्योता भोजन जैसी सामाजिक पहल की सराहना की। शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि पांडेय ने कहा कि इस तरह के आयोजन जिले के प्रत्येक विद्यालय में होने चाहिए, जिससे समाज और विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
भोजन से पहले विद्यार्थियों ने मंत्रोच्चार किया, इसके बाद सभी बच्चों को भोजन कराया गया तथा कॉपी और पेन का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष हर्षिका संभव जैन, पार्षद प्रतिभा सुरेश गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी नेम सिंह साहू, शहरी स्रोत केंद्र समन्वयक डॉ. शशिभूषण शर्मा, सहायक एपीसी समग्र शिक्षा जिला दुर्ग विनोद कुमार शुक्ला सहित तीनों विद्यालयों के प्रधानपाठक, शिक्षक, अभिभावक, जन समर्पण सेवा संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन में सैकड़ों विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल और प्रेरणादायी बनाया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.