
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया। जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर, महापौर अलका बाघमार, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य माया बेलचंदन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना का प्रतीक था। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अलग संविधान, अलग झंडे और अलग प्रधान की व्यवस्था का डॉ. मुखर्जी ने पुरजोर विरोध किया तथा "एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे" के संकल्प के साथ आंदोलन का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी राष्ट्रभक्तों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं और भारतीय जनता पार्टी उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्मरण पखवाड़ा मना रही है।

जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने "एक निशान, एक विधान" की अवधारणा के माध्यम से अखंड भारत का सपना देखा था। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को डॉ. मुखर्जी के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से परिचित कराना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महान राष्ट्रवादी चिंतक, शिक्षाविद् एवं प्रखर जननेता थे। उनका जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान देश की एकता के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का प्रतीक है और उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम को महापौर अलका बाघमार एवं तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रवक्ता एवं कार्यक्रम टोली सदस्य रजा खोखर ने किया, जबकि आभार जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम जिला संयोजिका हर्षा चंद्राकर ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला भाजपा के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.