होम / दुर्ग-भिलाई / धमधा में 1.11 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी का खुलासा, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र में सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से संबद्ध सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की शाखा में 267 महिला ग्राहकों से 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को संस्था के प्रतिनिधि अशोक कुमार वर्मा ने थाना धमधा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि संस्था का सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने का अनुबंध है। ऑडिट के दौरान पता चला कि धमधा शाखा के शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों ने ग्राहकों से प्राप्त ऋण किस्तों एवं लोन क्लोजर की राशि कंपनी में जमा नहीं कर उसका गबन किया।
कंपनी द्वारा संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर राशि जमा करने का अवसर दिया गया, लेकिन उन्होंने न तो राशि लौटाई और न ही नोटिस का जवाब दिया। विस्तृत जांच में सामने आया कि शाखा के कर्मचारियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत 267 ग्राहकों से प्राप्त कुल 1,11,93,173 रुपये की राशि का गबन कर धोखाधड़ी की।
मामले में थाना धमधा में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(4) एवं 61(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल विश्वकर्मा (23 वर्ष), निवासी साजा, जिला बेमेतरा तथा संदीप कुमार खूंटीहरे (31 वर्ष), निवासी पाटन, जिला दुर्ग शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वित्तीय संस्था या ऋण संबंधी लेन-देन केवल अधिकृत माध्यम से ही करें तथा किसी भी वित्तीय अनियमितता या धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि आर्थिक अपराध करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.