होम / दुर्ग-भिलाई / कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर का नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात, राहुल गांधी ने संगठन को मजबूत बनाने का दिया मंत्र
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। अभनपुर में आयोजित कांग्रेस जिलाध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने प्रदेशभर से आए जिलाध्यक्षों से वन-टू-वन मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी राहुल गांधी से आत्मीय भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने लगभग तीन घंटे तक जिलाध्यक्षों के साथ संवाद करते हुए कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती तथा भविष्य की रणनीति पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक, संवैधानिक एवं सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित एक जनआंदोलन है।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में देश की आजादी के आंदोलन में कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान, संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाए रखने में पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना चाहिए।
उन्होंने जिलाध्यक्षों से कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में होती है। प्रत्येक जिलाध्यक्ष का दायित्व है कि वह गांव-गांव, वार्ड-वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाते हुए आम जनता से निरंतर संवाद बनाए रखे। आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने संगठनात्मक तैयारी, जनसंपर्क अभियान, युवाओं, महिलाओं, किसानों और श्रमिकों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने तथा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर राहुल गांधी ने सभी जिलाध्यक्षों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनके जिलों की राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन भी दिया। दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी राहुल गांधी से मुलाकात कर संगठन की गतिविधियों की जानकारी साझा की और उनके मार्गदर्शन से प्रेरणा प्राप्त की।
श्री ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी का मार्गदर्शन प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायक है। उनके द्वारा दिए गए संगठनात्मक सूत्रों और जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने के संदेश को दुर्ग (ग्रामीण) जिले में पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच मजबूती से काम करेंगे और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाएंगे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.