दुर्ग। प्रदेश में बिजली दरों में वृद्धि को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकार वार्ता कर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है और बिजली दरों में बढ़ोतरी का असर सीधे घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों, छोटे व्यापारियों तथा मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ेगा। पत्रकारों से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि एक ओर महंगाई पहले से लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली दरों में वृद्धि का फैसला जनता की जेब पर अतिरिक्त दबाव डालेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिजली व्यवस्था और प्रबंधन में सुधार करने के बजाय उपभोक्ताओं पर लागत का भार डालने का रास्ता अपना रही है।
पत्रकार वार्ता में कहा गया कि हालिया बढ़ोतरी के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे तथा गैर-घरेलू श्रेणी में 20 से 40 पैसे तक की वृद्धि की गई है। साथ ही कृषि पंपों की बिजली दरों में भी बढ़ोतरी का आरोप लगाया गया। भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद यह पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है, जबकि पहले से बढ़े हुए बिजली बिलों के कारण जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान सीमित स्तर पर दर संशोधन किया गया था और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी।
पत्रकार वार्ता में स्मार्ट मीटर को लेकर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अपेक्षा से अधिक वृद्धि देखने को मिल रही है। साथ ही उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार बढ़ाने और अलग-अलग माध्यमों से बिल जारी किए जाने जैसी शिकायतें भी सामने आने की बात कही गई।
कांग्रेस ने दावा किया कि जून माह में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल बढ़े हैं और आम लोग इससे परेशान हैं। पार्टी ने राज्य सरकार से बिजली दरों की समीक्षा करने, उपभोक्ताओं को राहत देने तथा स्मार्ट मीटर व्यवस्था की जांच कराने की मांग की। पत्रकार वार्ता के दौरान दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, राजेंद्र साहू, आरएन वर्मा सहित अन्य कांग्रेस जन उपस्थित थे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.