
भिलाई। मध्यप्रदेश के रीवा मार्ग में जैन साधु-संतों के संदिग्ध परिस्थितियों में दिवंगत होने की घटना को लेकर जैन समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में जैन मिलन भिलाई के पूर्व उपाध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने सकल जैन समाज छत्तीसगढ़ एवं राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग को मांग पत्र प्रेषित कर साधु-संतों की सुरक्षा हेतु विशेष पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रेषित मांग पत्र में कहा गया है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं नगरों में मनोनीत सकल जैन समाज अध्यक्षों को स्पष्ट दिशानिर्देश दिए जाएं कि जब भी किसी मंदिर से साधु-संत बिहार के लिए प्रस्थान करें, तब समाज के लोग प्रत्येक 5 से 15 किलोमीटर की दूरी तक उनके साथ रहें, ताकि साधु-संत अकेले न रहें और उन्हें मार्ग में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्ञानचंद जैन ने रीवा मार्ग की घटना को सुनियोजित षड्यंत्र एवं हत्या का मामला बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सकल जैन समाज द्वारा किया गया शांतिपूर्ण मौन प्रदर्शन इस आंदोलन के प्रथम चरण का हिस्सा है।
उन्होंने समाज के जिम्मेदार पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि साधु-संतों के बिहार की सूचना स्थानीय पुलिस थानों को समय पर दी जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
मांग पत्र में यह भी कहा गया है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती तथा प्रशासनिक कार्यशैली में आवश्यक सुधार नहीं आता, तब तक संपूर्ण प्रदेश में जैन समाज काली पट्टी लगाकर अपने दैनिक कार्यों का संचालन करे, ताकि शासन-प्रशासन पर समाज का दबाव बना रहे।
ज्ञानचंद जैन ने अंत में कहा कि सकल जैन समाज प्रशासनिक संतुष्टि प्राप्त होने के बाद ही अपने आंदोलन को समाप्त करे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.