होम / दुर्ग-भिलाई / अवैध अफीम खेती मामले में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चौथा आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
-करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर उगाई गई थी अफीम, अनुमानित कीमत 8 करोड़ रुपये
दुर्ग। जिले में अवैध अफीम खेती के मामले में दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस प्रकरण के चौथे आरोपी छोटू राम को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अवैध अफीम की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार थाना पुलगांव क्षेत्रांतर्गत चौकी जेवरा–सिरसा के अंतर्गत ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के मध्य स्थित कृषि भूमि में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
-मक्का की फसल के बीच छिपाकर उगाई गई थी अफीम
मौके पर निरीक्षण के दौरान खेत में मक्का और भुट्टे की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगाए गए पाए गए। संयुक्त पुलिस टीम ने खेत का निरीक्षण कर लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगे अफीम के पौधों को जब्त किया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में NDPS एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पहले तीन आरोपी हो चुके थे गिरफ्तार
पुलिस जांच के दौरान इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें विकास बिश्नोई, निवासी मतोड़ा, जिला जोधपुर (राजस्थान) विनायक ताम्रकार, निवासी तेमरापारा, दुर्ग मनीष उर्फ गोलू ठाकुर, निवासी समोदा शामिल हैं।
चौथा आरोपी छोटू राम भी पकड़ा गया
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि छोटू राम नामक व्यक्ति ने अवैध अफीम की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराए थे। फरार आरोपी की तलाश में ACCU दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा–सिरसा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटू राम (62 वर्ष), निवासी ग्राम सांगसी नगर धड़िया, थाना चामू, जिला जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
बड़ी मात्रा में सामान भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से नकद ₹2220 एक स्मार्टफोन मोबाइल जब्त किया है। वहीं अन्य आरोपियों से पहले ही 2 ट्रैक्टर, 2 जेसीबी, 2 मोटरसाइकिल और 1 हार्वेस्टर सहित खेती में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशीले पदार्थों के उत्पादन, परिवहन या व्यापार से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले में आगे की विवेचना और कानूनी कार्रवाई जारी है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.