दुर्ग/रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों को अब तक हड़ताल अवधि के 36 दिनों का वेतन और फरवरी माह का वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन भुगतान में हो रही देरी के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार एनएचएम कर्मचारियों द्वारा पूर्व में 33 दिन, 2 दिन और 1 दिन की हड़ताल की गई थी, कुल मिलाकर 36 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन अभी तक जारी नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि अप्रैल से नया वित्तीय सत्र शुरू होने वाला है, ऐसे में यदि मार्च माह तक हड़ताल अवधि का वेतन जारी नहीं किया गया तो यह राशि अटकने की आशंका है।
कर्मचारियों ने यह भी बताया कि राज्य शासन द्वारा पहले अन्य विभागों के हड़ताली कर्मचारियों को हड़ताल अवधि का वेतन दिया जा चुका है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग में 24 घंटे सेवा देने वाले एनएचएम कर्मचारियों को अब तक इसका लाभ नहीं मिला है।
इसके साथ ही एनएचएम में कार्यरत तीन और पांच वर्ष पूर्ण कर चुके कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि भी अब तक नहीं की गई है। कर्मचारियों के अनुसार सामान्यतः उनका वेतन हर माह 15 से 24 तारीख के बीच जारी होता है, लेकिन वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण परिवार का खर्च चलाने में कठिनाइयां आ रही हैं।
बताया गया कि पिछले माह जनवरी का वेतन 16 फरवरी को जारी किया गया था, जिससे कर्मचारियों में पहले से ही नाराजगी थी। अब फरवरी माह का वेतन और हड़ताल अवधि का भुगतान लंबित होने से कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों ने शासन से जल्द से जल्द वेतन भुगतान की मांग की है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.