दुर्ग। श्रुति फाउंडेशन छत्तीसगढ़ संस्था द्वारा समाज के बुजुर्ग माता-पिताओं के प्रति सम्मान, संवेदना एवं सेवा-भाव को समर्पित एक भावनात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत दुर्ग के पुलगांव स्थित वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को देशभक्ति से ओत-प्रोत फिल्म “बॉर्डर 2” दिखाने के लिए सिनेमा हॉल ले जाया गया।
इस कार्यक्रम में बुजुर्गों सहित श्रुति फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के सभी सदस्यों की फिल्म टिकट संस्था की ओर से पूर्णतः निःशुल्क रखी गई थी। फिल्म के दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर दिखाई दी मुस्कान और भावनाएं इस पहल की सार्थकता को स्वयं बयां कर रही थीं।
इस अवसर पर संस्था की संस्थापिका एवं अध्यक्ष नीतू श्रीवास्तव ने बताया कि श्रुति फाउंडेशन छत्तीसगढ़ को स्थापित हुए 8 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इन आठ वर्षों में संस्था द्वारा अनेक सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, किंतु यह पहला ऐसा कार्यक्रम रहा जो अत्यंत भावनात्मक था, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है, केवल महसूस किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस पहल से संस्था को एक नया अनुभव प्राप्त हुआ है और बुजुर्ग माता-पिताओं के साथ यह समय बिताकर सभी सदस्यों को अत्यंत खुशी मिली।
नीतू श्रीवास्तव ने आगे कहा कि वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को सबसे अधिक आवश्यकता प्रेम, साथ और हमारे अमूल्य समय की होती है। संस्था का प्रयास रहेगा कि ऐसे सेवा और प्रेम से जुड़े कार्यों से प्रेरणा लेकर समाज के अन्य लोग भी आगे आएं और बुजुर्गों, जरूरतमंदों एवं संवेदनशील विषयों पर कार्य करें, जिससे समाज को एक सकारात्मक, मानवीय और प्रेरक संदेश मिल सके।
कार्यक्रम में श्रुति फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के सदस्य साधना चौधरी, रूपलता साहू, श्रुति श्रीवास्तव, मनीषा सोनी, सीमा गुप्ता, निष्ठा सोनी, सुरभि ठाकुर, रानी साहू एवं कविता विश्वास की सक्रिय उपस्थिति रही। नीतू श्रीवास्तव ने कहा कि संस्था के सभी सदस्यों का पूर्ण सहयोग होने के कारण ही ऐसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो पाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में बुजुर्गों ने संस्था के इस स्नेहपूर्ण प्रयास के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने जीवन का एक सुखद और भावुक क्षण बताया।
श्रुति फाउंडेशन छत्तीसगढ़ संस्था ने भविष्य में भी इसी प्रकार समाजसेवा, मानवीय संवेदना और सकारात्मक सोच से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.