दुर्ग। मेडिकल स्टोर एवं एमबीबीएस डॉक्टर की ओपीडी संचालन का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र से सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 जनवरी 2026 को प्रार्थी राहुल परिहार (40 वर्ष) ने थाना मोहन नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि टस्कर ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के संचालकों एवं प्रतिनिधियों द्वारा उन्हें मेडिकल स्टोर व ओपीडी संचालन की फ्रेंचाइजी देने का प्रलोभन दिया गया। आरोपियों ने आश्वासन दिया था कि कंपनी की ओर से मेडिकल स्टोर का इंटीरियर, ब्रांड प्रमोशन, एमबीबीएस डॉक्टर की ओपीडी सुविधा, पैथोलॉजी सुविधा, दवाइयों का स्टॉक, कर्मचारियों की व्यवस्था एवं वेतन का वहन किया जाएगा तथा प्रतिमाह 1 से 2 लाख रुपये तक का मुनाफा होगा।
इन झूठे आश्वासनों में आकर प्रार्थी ने 28 अक्टूबर 2024 को विभिन्न मदों में कुल 25 लाख 93 हजार 400 रुपये फोन-पे एवं आरटीजीएस के माध्यम से कंपनी को भुगतान किया। भुगतान के बाद न तो वादा की गई सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं और न ही पर्याप्त दवाइयों का स्टॉक दिया गया। कंपनी को ई-मेल के माध्यम से संपर्क करने पर भी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। इस प्रकार आरोपियों द्वारा छलपूर्वक लगभग 26 लाख रुपये की ठगी कर प्रार्थी को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
मामले में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 31/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी रवि पांडे (26 वर्ष), निवासी सरोजिनी नगर, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) को चिन्हित कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है।
-सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना मोहन नगर में पदस्थ निरीक्षक, उप निरीक्षक एवं विवेचना टीम के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
-दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की फ्रेंचाइजी, निवेश या व्यवसायिक प्रस्ताव में सम्मिलित होने से पूर्व उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.