-अंत्योदय के साधक थे अटल जी – गजेंद्र यादव
-अटल जी के सपनों का छत्तीसगढ़ हम सबको मिलकर गढ़ना है – बृजेश ब्रिजपुरिया
-अटल जी के जीवन में राष्ट्र निर्माण के अनुपम सूत्र समाहित थे – सुरेंद्र कौशिक
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी द्वारा भारत रत्न, प्रखर कवि एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रदेशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दुर्ग शहर विधानसभा स्तरीय अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन जिला भाजपा कार्यालय दुर्ग में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव उपस्थित रहे। सहवक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बृजेश ब्रिजपुरिया शामिल हुए।
मंच पर महापौर अलका बाघमार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रिका चंद्राकर, उषा टावरी, भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक शिव चंद्राकर, भाजपा प्रदेश महामंत्री साजन जोसेफ, जिला महामंत्री दिलीप साहू, विनोद अरोरा, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री कुमुद बघेल सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने अटल जी के छत्तीसगढ़ निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटल बिहारी वाजपेयी जी की दूरदृष्टि और संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अटल जी केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील कवि और राष्ट्रद्रष्टा थे। उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड जैसे नए राज्यों का गठन कर संघीय ढांचे को सशक्त किया। अटल जी के नेतृत्व में शुरू हुई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सर्व शिक्षा अभियान और प्रवासी भारतीय दिवस जैसी योजनाएं आज भी देश के विकास की आधारशिला हैं।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बृजेश ब्रिजपुरिया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का सुशासन भारतीय राजनीति के लिए आदर्श है। वे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए पिता तुल्य थे। उनके विचार, वाणी की शालीनता और तर्क की गहराई आज भी राजनीति को दिशा देती है।

जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि अटल जी के कारण ही आज हम गर्व से अपने पते में ‘छत्तीसगढ़’ लिख पाते हैं। अटल जी का जीवन राष्ट्रप्रेम, लोकतांत्रिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और अटल जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के पश्चात अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री दिलीप साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार ने किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.