दुर्ग। 31 दिसंबर 2025 की रात्रि एवं नववर्ष के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। नववर्ष के दौरान शहर के विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंट, क्लबों, रिसॉर्ट, बार, पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए होटल, रिसॉर्ट, बार एवं डीजे संचालकों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देशित किया गया कि जहां भी लोगों की भीड़ एकत्रित होगी, वहां सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। डीजे एवं साउंड सिस्टम का उपयोग केवल अनुमति प्राप्त कर निर्धारित समय एवं तय मापदंडों के अनुसार ही किया जाएगा। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट एवं बार में किसी भी स्थिति में अश्लील गानों के प्रसारण पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए होटल एवं बार संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि पार्किंग हेतु पर्याप्त स्थान पहले से चिन्हित करें। हाईवे अथवा सड़क किनारे वाहन पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। पार्किंग स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्युत सुरक्षा के लिए शॉर्ट सर्किट से बचाव की समुचित व्यवस्था करने तथा फायर सेफ्टी ऑडिट एवं इलेक्ट्रिसिटी सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए।
नववर्ष के अवसर पर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में लगभग 600 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें 10 राजपत्रित अधिकारी एवं 25 निरीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। जिले के सभी अनुविभागों में थानावार कुल 70 स्थानों पर फिक्स चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां थाना एवं रक्षित केंद्र से बल उपलब्ध रहेगा तथा उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक प्रभारी रहेंगे।
इसके अतिरिक्त 45 पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए गए हैं तथा 09 अतिरिक्त पेट्रोलिंग दल गठित किए गए हैं। अनुविभागवार 03 महिला पेट्रोलिंग एवं 03 बाइक पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। 07 एडी पार्टी राजपत्रित अधिकारियों के साथ संलग्न की गई है। नववर्ष के दिन विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, जहां भारी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं, वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी अनुविभागों में राजपत्रित अधिकारी स्वयं सतत मॉनिटरिंग करेंगे।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें एवं शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से नववर्ष मनाएं, ताकि सभी के लिए यह पर्व सुखद एवं सुरक्षित बन सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.