रुआबांधा के 5 एकड़ क्षेत्र में बनेगा सुपर बाजार, जरुरत की सभी सामानें मिलेगी कम दर पर,
किसानों की आय बढ़ाना एवं महिला स्व सहायता समूहो को आत्मनिर्भर बनाना साथी परियोजना का उद्देश्य
दुर्ग। केन्द्र सरकार की साथी परियोजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ का पहला साथी बाजार दुर्ग में खोला जाएगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम रायपुर द्वारा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर को दुर्ग जिले के रुआंबांधा में साथी बाजार स्थापना के लिए 5 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई गई है। साथी बाजार स्थापना का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय को बढ़ाना, महिला स्व सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाना एवं केन्द्र सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को साथी बाजार के साथ जोड़कर योजनाओं का जनता को अधिक से अधिक लाभ प्रदान करना है। साथी बाजार में 154 प्रकार के उत्पादों की बिक्री के साथ जरुरत की सभी आवश्यक उत्पादों का भंडार होगा। इसके अलावा साथी बाजार में ही कई उत्पादों की प्रोसेसिंग की जाएगी। यहां किसानों को कोल्ड स्टोरेज व ग्राहकों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। यह साथी बाजार मूलत: स्वदेशी उत्पादों की बिक्री के लिए होगा, लेकिन ग्राहकों की पसंद को ध्यान रखते हुए राष्ट्रीय कंपनी के उत्पाद को भी स्थान दिया जाएगा। साथी बाजार से बिचौलियों का अस्तित्व खत्म होगा। जिससे यहां कम दरों में ग्राहकों को जरुरत की आवश्यक सामानें मिलेंगी। कृषि उत्पादों में बाजार रेट से कम से कम 20 से 30 प्रतिशत का लाभ ग्राहकों को मिलेगा।रुआबांंधा में साथी बाजार स्थापना के लिए कार्य प्रगति में आ गया है। प्रारंभिक चरण में दुकानों के आबंटन के लिए निविदा बुलाई गई है। साथी बाजार में महिलाओं को प्रोत्साहन देने निविदा में 10 प्रतिशत का आरक्षण और नियम-शर्तों में भी छुट दिए गए है।
दुर्ग जिला में प्रदेश का पहला साथी बाजार सालभर में बनकर तैयार हो जाएगा। जो किसानों, महिला स्व सहायता समूहों एवं आम जनता के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। यह बातें छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा में कही। इस दौरान नाफेड के राष्ट्रीय समन्वयक मनीष शाह, जिला बीज विकास निगम के प्रमुख श्री बेहरा, दुर्ग श्री किसान उत्पादक संगठन के अध्यक्ष डॉ. योगेश सोनकर, सचिव महेन्द्र सिन्हा, उपाध्यक्ष निधी चंद्राकर, कोषाध्यक्ष लालेश्वरी साहू, सदस्य महेन्द्र साहू, वंदना झारिया, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के दुर्ग जिला अध्यक्ष अनूप गटागट, कैट जिला अध्यक्ष मोहम्मद अली हिरानी, चैम्बर महिला विंग अध्यक्ष मानसी गुलाटी, कैट युवा विंग अध्यक्ष रवि केवलतानी, चैम्बर पदाधिकारी नीतू श्रीवास्तव मौजूद रहे। मीडिया से चर्चा में नाफेड के राष्ट्रीय समन्वयक मनीष शाह ने साथी बाजार के संचालन के संबंध में बताते हुए कहा कि जिले में साथी बाजार के संचालन हेतु दुर्ग श्री किसान उत्पादक संगठन का गठन किया गया है। जिसमें जिले के किसान उत्पादक संगठनों एवं स्व सहायता समूहों के अलावा चेम्बर ऑफ कॉमर्स व कैट के पदाधिकारियों को सदस्य बनाया गया है।
वर्तमान में साढ़े 6 हजार सदस्य बनाए जा चुके है। जिले में संगठन का 10 हजार सदस्य बनाया जाना है। जिनमें से 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सदस्य बनाते समय प्रत्येक ग्राम में 20 सदस्यों की भूमिका सुनिश्चित की जाएगी। श्री शाह ने बताया कि साथी बाजार में होने वाले समस्त विक्रय पर संगठन को 5 प्रतिशत तक का लाभ प्राप्त होगा। जिसे सदस्यों को वितरित किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम से चयनित सदस्यों द्वारा साथी बाजार में स्थापित स्वदेशी उत्पादों की मार्केटिंग अपने ग्राम में की जाएगी। इस हेतु उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। सदस्यों द्वारा किए गए विक्रय के लिए कंपनियों के माध्यम से उन्हें पृथक से कमीशन उपलब्ध करवाया जाएगा और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.