-मुमुक्षु आगम ने अपने जन्मदिन पर मां-पिता से उपहार स्वरुप मांगी थी दीक्षा की अनुमति
दुर्ग। महेश कॉलोनी पुलगांव का राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण रविवार की दोपहर लोगों की आंखों में भाव के आंसुओं से भीगा रहा। एक परिवार को अपने महज 15 वर्ष के पुत्र को धर्म, संयम और तप के मार्ग पर विदा करते हुए देखना उनके लिए किसी परीक्षा से कम नहीं था। यह अवसर था दुर्ग निवासी बालक आगम सुराना के दीक्षा पूर्व वरघोड़ा और अभिनंदन समारोह का। दुर्ग के इतिहास में जैन समाज में पहली बार इतनी अल्पायु में किसी परिवार का बालक जैन भागवती दीक्षा लेने जा रहा है। महेश कॉलोनी में हुए समारोह में मुमुक्षु आगम समेत उनके पिता जयजी सुराना, माता शीतल सुराना, बहनें विदुषी और यशस्वी समेत परिवार के लोगों ने इस भाव यात्रा को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया। इसमें मुमुक्षु आगम का वैराग्य का भाव जागने से लेकर माता-पिता और गुरुदेव की आज्ञा मिलने तक का वृतांत जीवंत बताया गया। उनकी जैन भागवती दीक्षा जैनाचार्य श्रीश्री 1008 रामलालजी मसा और उपाध्याय प्रवर राजेश मुनिजी मसा के मुखारविंद से राजस्थान के दशनोक में 13 अक्टूबर को होगी। मुमुक्षु आगम ने बताया कि साल 2022 में दुर्ग में हर्षिम मुनि आदि ठाणा 2 के चातुर्मास के दौरान मेरी धर्म, ध्यान के प्रति रुचि बढ़ी। मैं शिवपारा के भवन में बीते कुछ वर्षों से विराजमान साध्वी हेमप्रभा मसा से नियमित भेंट कर धर्म चर्चा करता। साल 2023 में परिवार के साथ से राजस्थान की यात्रा के दौरान आचार्य रामलाल मसा के शिविर में भी शामिल हुआ। तब दादी से अनुमति ली। उसके बाद से मन में वैराग्य का भाव और प्रबल हो गया। फिर ब्यावर में हुए 10 दीक्षा समारोह में शामिल हुआ तो मेरा मन पक्का हो गया। साल 2024 में माता-पिता को बताया, तो उन्होंने मुझे प्रेमवश आज्ञा नहीं दी। लगातार उन्हें मनाने का प्रयास किया। 6 मई 2025 को अपने जन्मदिन पर माता-पिता से उपहार में मुनि दीक्षा की अनुमति मांगी, तब उन्होंने आज्ञा दे दी। एक माह पूर्व 1 सितंबर को आचार्य रामलाल जी मसा से भी दीक्षा की अनुमति मिल गई।
-घर से निकला वरघोड़ा, समाज के लोगों ने फूल वर्षा से किया अभिनंदन
श्री साधुमार्गी जैन संघ दुर्ग द्वारा दीक्षा पूर्व वरघोड़ा (शोभायात्रा) और अभिनंदन समारोह के आयोजन में रविवार की सुबह मुमुक्षु आगम सुराना के घर से शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें माता-पिता, बहनों समेत उन्होंने शहरवासियों से भेंट की। लोगों ने जगह-जगह फूल बरसाकर मुमुक्षु का अभिनंदन किया। दीक्षा महोत्सव के कार्यक्रम से जैन समाज में उत्साह व हर्ष का माहौल है। श्री साधुमार्गी जैन संघ, महिला एवं बहु मंडल, समता युवा संघ आदि ने इसमें सहयोग दिया। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र गांधी, समता महिला समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष चंचल प्रकाश सांखला, प्रदीप बोथरा, श्री साधुमार्गी जैन संघ दुर्ग के अध्यक्ष ओमप्रकाश सांखला, महामंत्री ज्ञानचंद पारख, कोषाध्यक्ष अजय कांकरिया,उपाध्यक्ष प्रकाश सांखला,धर्मपाल बोथरा,सहमंत्री रमेश छाजेड़,गौतम बांठिया सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.