बलरामपुर । झारखंड के बलरामपुर रामनुजगंज के रंका थाना क्षेत्र के बाहोकुदर गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने लोगों को दहला दिया है। इंदौर के चर्चित सोनम कांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि यहां एक नवविवाहिता सुनीता सिंह ने अपने पति बुधनाथ सिंह की हत्या की ऐसी शातिर साजिश रची, जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया। सुनीता ने न केवल अपने पति से कीटनाशक दवा खरीदवाई, बल्कि उसे मुर्गा-भात में मिलाकर खिलाया और उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी।
शादी के बाद शुरू हुई साजिश...
पुलिस के अनुसार, 11 मई 2025 को छत्तीसगढ़ के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव की रहने वाली सुनीता सिंह की शादी 22 वर्षीय बुधनाथ सिंह से हुई थी। लेकिन शादी के अगले ही दिन सुनीता मायके लौट गई, यह कहते हुए कि उसे पति पसंद नहीं है। कई दिनों की पंचायत और समझाइश के बाद 5 जून को वह ससुराल वापस आई, लेकिन उसके मन में पहले से ही एक खौफनाक योजना तैयार थी।
कीटनाशक से रची हत्या की साजिश..
14 जून को सुनीता और बुधनाथ रामानुजगंज बाजार गए थे। सुनीता ने फसलों में कीड़े मारने के बहाने पति से कीटनाशक दवा खरीदवाई। पुलिस जांच में पता चला कि उसने दो बार खाने में जहर मिलाकर पति को मारने की कोशिश की, लेकिन बुधनाथ ने दोनों बार खाना खाने से इनकार कर दिया। तीसरी बार, 15 जून की रात सुनीता ने मुर्गा-भात बनाया और उसमें कीटनाशक मिला दिया। इस बार बुधनाथ खाना खाने से खुद को रोक नहीं पाए और कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
सास पर लगाया आरोप, फिर कबूला जुर्म...
घटना की सूचना मिलते ही रंका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजा। शुरुआती पूछताछ में सुनीता ने अपनी सास पर जहर देने का आरोप लगाया, दावा करते हुए कि सास उसे मारना चाहती थी, लेकिन गलती से जहरयुक्त खाना बेटे को मिल गया। हालांकि, पुलिस की सख्त पूछताछ में सुनीता टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह पति को पसंद नहीं करती थी और उसे रास्ते से हटाने के लिए यह साजिश रची।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
रंका पुलिस ने सुनीता को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपाधीक्षक रोहित सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सुनीता ही मुख्य आरोपी प्रतीत हो रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और शामिल था।
यह घटना इंदौर के सोनम कांड से मिलती-जुलती है, जहां सोनम रघुवंशी ने अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले ने एक बार फिर समाज में रिश्तों की नाजुकता और विश्वासघात की खौफनाक तस्वीर पेश की है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.