नई दिल्ली । भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर बधाई दी और उनके लिए स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। इस साल का यह जन्मदिन और भी खास है क्योंकि उन्हें देश की सेवा के लिए 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया है। वह हमारे देश के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने अपना जीवन भारत के विकास के लिए समर्पित किया है। उनकी समझ और ज्ञान को हमेशा आदर मिला है। मुझे कई वर्षों तक उनका मार्गदर्शन पाने का सौभाग्य मिला है। मैं उनके स्वस्थ और लंबी आयु की कामना करता हूं।"
भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी अपने वरिष्ठ नेता को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, "भाजपा के वरिष्ठ नेता, देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री, भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। उन्होंने अपने समर्पण और कठिन परिश्रम से भाजपा को सींचकर देशभर में इसे विस्तार देने तथा असंख्य कार्यकर्ताओं को गढ़ने में महनीय भूमिका निभाई है। संगठन के विस्तार एवं राष्ट्र सेवा के आपके महान विचार और कार्य करोड़ों कार्यकर्ताओं के पाथेय हैं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।"
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आडवाणी जी ने जनसेवा और संगठन कौशल का अनुपम परिचय देते हुए भाजपा को लोक कल्याण का प्रतीक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में भाजपा का संगठन सुदृढ़ और व्यापक हुआ। देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में उनके कार्य अत्यंत प्रेरणादायक हैं। ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं।"
भारत के केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, "भारतीय राजनीति के मजबूत स्तंभ और हम सबके प्रेरणा स्रोत लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिवस की बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक दायित्वों का निर्वहन करते हुए भारत की विकास यात्रा को गति दी है। देश और दल दोनों के निर्माण में आडवाणी जी की जो भूमिका रही है, वह अतुलनीय है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की और दीर्घजीवी होने की ईश्वर से कामना करता हूं।"
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.