छत्तीसगढ़ के हृदय में उतर गए मुख्यमंत्री भूपेश!!

छत्तीसगढ़ के हृदय में उतर गए मुख्यमंत्री भूपेश!!

दक्षिणापथ समाचार/छत्तीसगढ़। सी वोटर के सर्वे में छत्तीसगढ़ में 44 प्रतिशत मतों के साथ कांग्रेस फिर से सरकार बनाने जा रही है। 43 फीसदी वोट शेयर हासिल करने के साथ भाजपा 37 से 42 के बीच सीट पा रही है। छत्तीसगढ़ में सीटों के जादुई आंकड़े को पार करते हुए कांग्रेस 50 के आसपास सीट पा रही है। कांग्रेस-भाजपा के अलावा निर्दलीय व अन्य दलों को 5 सीटें दी गई है। इस सर्वे ने कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनने की बात भी कही है। 

राष्ट्रीय स्तर पर देखें तो पिछले लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने देश भर में 37 फीसदी से अधिक वोट अर्जित कर पूर्ण बहुमत से केंद्र सरकार में आई थी। लेकिन इसके कुछ महीने पहले हुए छत्तीसगढ़ असेम्बली चुनाव में भाजपा को एकतरफा शिकस्त झेलना पड़ा था। 
बात सीधी है छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए यहां की जनता अलग जनादेश देती है, और केंद्र सरकार के लिए अलग। इसके पहले छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा के रमन सिंह को लगातार तीन बार सरकार बनाने का असवर दिया। चौथी बार चुनाव में जनता ने जनादेश में आमूलचूल बदलाव कर दिया, मानो जैसे रमन सरकार के खिलाफ कोई तीव्र अंडर करंट चली हो। 
तस्वीर कहती है, राज्य निर्माण के 23 सालों में छत्तीसगढ़ की जनता शनै शनै जागरूक व प्रयोगशील होते गई है। अब किसी पार्टी का परंपरागत वोट बैंक की परिपाटी ढह गई है। ऐसे में यदि कोई मजबूत भरोसेमंद तीसरा विकल्प खड़ा हो जाये, तो सफलता के उनके पैमाने बढ़ जाएंगे। 
यद्यपि आम आदमी पार्टी इसे एक अवसर के रूप में देख रहा है। पर जनता को खालिस छत्तीसगड़िया वादी पार्टी चाहिये। ऐसी पार्टी जिसका राज छत्तीसगढ़ की भूमि से चल सके, निर्णय के लिए दिल्ली का दखल से जनता अजीज हो चुकी है। 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मजबूती की एक बड़ी वजह उनका ठेठ छत्तीसड़िया होना भी है। इन पांच सालों में राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ राज्य की संस्कृति व स्वाभिमान की दिशा में जो कार्य किया है, वह जनता के हृदय में उतर गई है।