दरगाह के पास हनुमानजी की मूर्ति लगाने पर बवाल, उपद्रवियों ने किया पथराव, धारा 144 लागू

दरगाह के पास हनुमानजी की मूर्ति लगाने पर बवाल, उपद्रवियों ने किया पथराव, धारा 144 लागू

नीमच । मध्य प्रदेश के नीमच में पुरानी कचहरी पर हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। इसके बाद कुछ लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस को भीड़ पर काबू पाने के लिए आँसू गैस के गोले छोडऩे पड़े। स्थिति को काबू करने के लिए इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। 
नीमच के एसपी सूरज कुमार वर्मा ने बताया कि एक दरगाह के पास हनुमान जी की मूर्ति की स्थापना को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस ने पहुँच कर स्थिति पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव भी हुआ है। इसमें दो तीन बाइकों को नुकसान पहुँचा है। हालाँकि उनके अनुसार विवाद में कोई भी घायल नहीं हुआ है।
नीमच एसपी सूरज कुमार वर्मा ने बताया कि जहाँ विवाद हुआ, वहाँ हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग रहते हैं। विवाद के वक्त भीड़ हटाने के लिए आँसू गैस के गोले छोड़े गए। इसके बाद पुलिस ने गलियों में पेट्रोलिंग की और लोगों से घरों में रहने के लिए कहा गया है।
स्थानीय पुलिस ने लोगों से अफवाह पर ध्यान न देने के लिए भी कहा है। नीमच एसपी सूरज कुमार वर्मा ने बताया कि जो लोग अफवाह फैला रहे हैं, उनकी पहचान की जा रही है, उन पर कार्रवाई की जाएगी। हालाँकि, अभी तक विवाद को लेकर पलिस को किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। 
नीमच एसपी सूरज कुमार वर्मा ने बताया कि विवाद की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देने के लिए कंट्रोल रूम बुलाया था। इस बीच कुछ लोगों ने मौके पर पत्थरबाजी शुरू कर माहौल खराब करने की कोशिश की। जानकारी मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुँचा।
एसपी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। ऐहतियात के तौर पर क्षेत्र में 5 थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही रिजर्व पुलिस फोर्स भी लगाया गया है। घटनास्थल पर लगे प्रशासन और प्राइवेट कैमरे को खँगाला जा रहा है। अगर इसमें किसी को माहौल बिगाडऩे की कोशिश करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।