जनता का प्रतिनिधि बनकर जनता की आवाज बनना अपराध नही- अरूण सिंह

जनता का प्रतिनिधि बनकर जनता की आवाज बनना अपराध नही- अरूण सिंह

दुर्ग । रायपुर नाका अंडर ब्रिज खोले जाने को लेकर प्रदर्शन करने वाले दुर्ग निगम के वार्ड 21 के पार्षद अरूण सिंह ने पुलिस द्वारा गैर जमानतीय धारा लगाने पर अपना बयान जारी किया है। पार्षद अरूण सिंह का कहना है कि जिस जनता ने अपना प्रतिनिधि बनाकर उन्हें नगर निगम के सदन तक भेजा है उनकी आवाज बनना अपराध है तो अपराध सही लेकिन जनता की आवाज को दबाया नही जा सकेगा। उनहोने इस पूरे मामले में कांग्रेस के विधायक अरूण वोरा पर सियासत करने का आरोप लगाया है। पार्षद अरूण सिंह ने कहा है कि, माह अप्रैल में अंडर ब्रिज का कार्य पूर्ण हो गया था लेकिन किसी न किसी कारणों से अंडर ब्रिज के उदघाटन को रोका जा रहा है जबकि अंडरब्रिज निमार्ण का सारा कार्य पूर्ण हो चुका है। वही दिनों दिन लोगो की परेशानियां बढते जा रही है। पार्षद अरूण सिंह ने बताया कि पटरी पार 2 लाख लोग निवास करते है जिसमें सिंधिया नगर, हनुमान नगर, तितुरडीह, कातुलबोर्ड जैसे क्षेत्र शामिल है जहां निवास करने वाले लोगों को प्रतिदिन पटरी पार करके दूसरी ओर जाना होता है लेकिन अंडर ब्रिज नही होने से मजबूरीवश उन्हें ओवर ब्रिज का उपयोग करना पडता है। जिससे दूरी भी बढ जाती है और दुर्घटना का खतरा भी बना होता है। उन्होने बीते वर्षो में कई दुर्घटनाओं का जिक्र करते हुए लोगों के घायल होने और मृत्यु तक होने की बात कही। पार्षद अरूण सिंह ने कहा कि इन्ही सब क्षेत्रवासियों की आवाज बुलंद कर वे जल्द से जल्द अंडर ब्रिज आरंभ करने की मांग कर रहे है। पंद्रह दिनों पूर्व उन्होंने प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौपकर समय दिया था । इसके बावजूद अंडरब्रिज खोलने कोई प्रयास नही होने पर वे निर्धारित अवधि के बाद वार्डवासियों के साथ अंडरब्रिज को खोलने पहुंचे थे। लेकिन उनकी बात सुनने की बजाय लोगो पर पुलिस द्वारा लाठियां बरसाई गई और आवाज को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होने पुलिस द्वारा इस मामले में गैरजमानतीय धारा लगाने पर इसे राजनैतिक षडयंत्र बताया है।