गुमला में 19 महिलाओं को एक साथ उम्रकैद की सजा

गुमला में 19 महिलाओं को एक साथ उम्रकैद की सजा

नई दिल्ली। वर्ष 2013 में गुमला के चर्चित डायन-बिसाही हत्याकांड में अदालत ने 19 महिलाओं को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह सजा गुमला सिविल कोर्ट के एडीजे-1 दुर्गेशचंद्र अवस्थी की अदालत ने सुनाई है। कोर्ट ने सभी पर 25-25 हजार का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना नहीं देने पर दो साल अतिरिक्त सजा काटनी होगी। 11 जून 2013 को करंज थाना के करौंदाजोर टूकूटोली निवासी बेरजनिया इंदवार व एगनेसिया इंदवार पर डायन-बिसाही का आरोप लगा हत्या कर दी गई थी। बेरजनिया की पुत्री सेलेस्टीन ने आरोपियों के खिलाफ डायन बिसाही के आरोप में हत्या का केस दर्ज कराया था। प्राथमिकी के मुताबिक घटना के दिन आरोपियों ने गांव के एक युवक की मौत होने के बाद बैठक बुलाई थी। इसमें बेरजनिया व एगनेसिया को भी बुलाया गया था। वहां बेरजनिया और एगनेसिया को डायन करार देते हुए लाठी डंडे से पीटकर मार डाला गया था। दोनों महिलाएं अपने को बार-बार निर्दोष बता रही थीं। बावजूद इसके आरोपी महिलाओं ने उनकी तनिक भी नहीं सुनी।